Nagpur News: घायल तेंदुए की टीटीसी में उपचार के दौरान मौत

घायल तेंदुए की टीटीसी में उपचार के दौरान मौत
तबेले में तेंदुआ घुसने की खबर फैलते ही लोगों की लगी भीड़

Nagpur News देवलापार वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम टुयापार निवासी मनोज सांगोडे के घर के पास तबेले में अचानक तेंदुआ घुस गया। बताया जा रहा है कि, तेंदुआ घायल अवस्था में था। तबेले में तेंदुआ घुसने की खबर फैलते ही टुयापार सहित समीप के गांवों के नागरिकों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलते ही वन अधिकारी व वनकर्मी मौके पर पहुंचे।

एक्सपायरी डेट की दवा ने की फजीहत : सनद रहे कि, किसी भी हिंसक वन्यजीव को पकड़ने से पहले उसे डॉट की सहायता से ट्रैग्यूलाइज करना पड़ता है। टुयापार में उपस्थित वनविभाग के अधिकारी व कर्मचारियों के पास ट्रैग्यूलाइज करने वाली दवा एक्सपायरी डेट की थी। यह बात वनविभाग के अधिकारी के ध्यान में आते ही वैध दवा के लिए विभाग के अन्य कार्यालयों से संपर्क किया गया। काफी प्रयास के बाद शाम को दवा का इंतजाम हुआ। पश्चात तेंदुए को बेहोश कर नागपुर टीटीसी भेजा गया। जहां उपचार के दौरान 22 मार्च को देर रात तेंदुए की मौत हो गई।

मृतक मादा तेंदुआ अज्ञात वाहन की टक्कर में गंभीर घायल होने का कयास लगाया जा रहा है। नागपुर प्रादेशिक उपवनसंरक्षक डॉ. विनीता व्यास, रामटेक के सहायक वनसंरक्षक जीएफ लुचे, मानद वन्यजीव रक्षक अजिंक्य भटकर, एनटीसीए प्रतिनिधि संजय करकरे, टीटीसी नागपुर के वनपाल एसए आस्वले, देवलापार क्षेत्र सहायक ए.वी. जनवार की उपस्थिति में डॉ. सुजीत कोलंगथ, डॉ. राजेश फुलसुंगे ने पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद मृत तेंदुए के अवयव सैंपल विस्तृत जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजे गए। पंचनामा कर गाइडलाइन के अनुसार तेंदुए का दाह संस्कार किया गया।


Created On :   25 March 2026 1:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story