- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- युद्ध के साये में खाड़ी देश का...
Nagpur News: युद्ध के साये में खाड़ी देश का विमान नागपुर पहुंचा

Nagpur News मध्य-पूर्व में जारी युद्ध और बढ़ते तनाव के बीच खाड़ी देश कुवैत का बोइंग 777-300 ईआर विमान मरम्मत के लिए नागपुर पहुंचा है। कुवैत एयरवेज का यह वाइड-बॉडी विमान मिहान स्थित विशेष आर्थिक क्षेत्र (सेज) में एयर इंडिया के मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल (एमआरओ) केंद्र में सी-चेक के लिए लाया गया है। मंगलवार दोपहर को यह विमान बाबासाहब अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पंहुचा। खामला मार्ग की ओर रनवे पर विमान को खड़ा कर जरूरी तकनीकी जांच की गई। इसके बाद विमान को एयर इंडिया के एमआरओ केंद्र मे सी-चेक के लिए रवाना किया गया। इस दौरान विमान के ढांचे, सिस्टम, इंजन और अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों की गहन जांच और मरम्मत की जाएगी। करीब 9 साल पुराने इस बोइंग 777-300 ईआर में 334 यात्रियों की क्षमता है। विमान में 8 फर्स्ट क्लास, 36 बिजनेस क्लास, 54 प्रीमियम इकोनॉमी और 236 इकोनॉमी सीटें हैं। सी-चेक पूरा होने के बाद यह विमान फिर से कुवैत एयरवेज के यूरोप, एशिया और अन्य अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर उड़ान भरेगा।
7 विमानों का करार : कुवैत एयरवेज ने अपने 7 बोइंग 777-300 ईआर विमानों के हेवी मेंटेनेंस के लिए नागपुर स्थित एयर इंडिया इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड के एमआरओ केंद्र से अनुबंध किया है। इसी करार के तहत अब तक कुवैत एयरवेज के 6 विमान मेंटेनेंस के लिए नागपुर आ चुके हैं। यह विमान यहां करीब 30 से 35 दिन तक रहेगा। जहां विमान का विस्तृत तकनीकी परीक्षण और मरम्मत की जाएगी। इससे पहले 2023 में कुवैत एयरवेज का पहला बोइंग 777 भी मेंटेनेंस के लिए नागपुर आया था। जो भारत के किसी एमआरओ में आने वाला पहला विदेशी बोइंग 777 विमान था। अब तक 6 विमानों का मेंटेनेंस कार्य पूर्ण हो चुका है।
एक साथ दो वाइड-बॉडी विमान की सुविधा :नागपुर का यह एमआरओ केंद्र 2015 में स्थापित हुआ था। अब तक यहां 30 से अधिक विमानों का सफलतापूर्वक मेंटेनेंस किया जा चुका है। इनमें बड़ी संख्या बोइंग 777 विमानों की रही है। केंद्र में दो बड़े हैंगर हैं, जहां एक साथ दो वाइड-बॉडी और छह नैरो-बॉडी विमानों की मेंटेनेंस सुविधा उपलब्ध है। इस एमआरओ को डीजीसीए और एफएए की मान्यता प्राप्त है। यहां जीई-90 और जीईएनएक्स इंजनों के परीक्षण के साथ सी-चेक, डी-चेक और स्ट्रक्चरल रिपेयर जैसी उन्नत तकनीकी सेवाएं दी जाती हैं। विदेशी एयरलाइंस के बढ़ते भरोसे के चलते नागपुर अब अंतरराष्ट्रीय विमान मेंटेनेंस हब के रूप में तेजी से पहचान बना रहा है।
Created On :   25 March 2026 1:14 PM IST















