- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मतदान में हेरफेर रोकने संबंधी जांच...
Nagpur News: मतदान में हेरफेर रोकने संबंधी जांच समिति में गुडधे, कांग्रेस के संगठन मामले में भी बढ़ेगा महत्व

- मतदान प्रक्रिया में हेरफेर का संदेह
- कांग्रेस ने प्रदेश स्तर पर विशेष समिति का गठन किया
Nagpur News. विधानसभा चुनाव में मतदान प्रक्रिया में हेरफेर का संदेह व्यक्त करते हुए कांग्रेस ने प्रदेश स्तर पर विशेष समिति का गठन किया है। पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वराज चव्हाण की अध्यक्षता में यह समिति चुनाव प्रक्रिया की जांच, उपाययोजना व सुझाव देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। 7 सदस्यों की इस समिति में नागपुर से प्रफुल गुडधे व अमरावती जिले में परिक्षित जगताप को शामिल किया है। परिक्षित के पिता वीरेंद्र जगताप विधायक रहे हैं। समिति गठन को लेकर एक वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी ने कहा है कि राज्य में नए व युवा कार्यकर्ताओं को संगठन में अधिक महत्व देने की शुरुआत हो चुकी है। मतदान प्रक्रिया अध्ययन संंबंधी समिति के सदस्य जनसामान्य से भी चर्चा करेंगे। मतदान प्रक्रिया को लेकर संदेह पर उपाययोजना व सुझाव देंगे। कांग्रेस ने राज्य में विधानसभा की 45 सीटें चिन्हित की है जहां मतदान में सबसे अधिक हेरफेर होने की आशंका है।
पार्टी का आरोप है कि भाजपा नेताओं ने चुनाव आयोग के अधिकारियों के साथ मिलकर चुनाव प्रक्रिया में हेरफेर किया। वर्ष 2024 में 5 माह के अंतराल में लोकसभा व विधानसभा के चुनाव हुए। इस अंतराल में 41 लाख मतदाता संख्या बढ़ गई। यह संख्या प्रतिमाह 9 से 10 लाख की है। मतदान के अंतिम समय में विविध बूथ पर अचानक मतदाता संख्या बढ़ने व मतदान होने को लेकर भी संदेह व्यक्त किया गया है। हेराफेरी के आरोपों के साथ कांग्रेस की ओर से उच्च न्यायालय में मतदान प्रक्रिया के विरोध में 100 के करीब याचिका दी गई। क्या है संदेश कांग्रेस पदाधिकारी के अनुसार मतदान प्रक्रिया अध्ययन संबंधी समिति में नियुक्तियों के माध्यम से पार्टी ने नया संदेश भी दिया है। गुटबाजी में लिप्त नेताओं को एकजुटता के साथ संगठन कार्य में योगदान देना होगा।
प्रफुल गुडधे मनपा की राजनीति में वरिष्ठ नेता है। लेकिन उनके समर्थकों का आरोप रहा है कि शहर मामले में गुडधे को नजरअंदाज किया जाता रहा है। वे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के विरुद्ध दो बार चुनाव लड़ चुके हैं। 2018 में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के दौरे के नियोजन का दायित्व गुडधे संभाल चुके हैं। हरियाण में वे कांग्रेस के सहप्रभारी रहे। राजस्थान में वार रुम का दायित्व संभाल चुके हैं। फिलहाल वे कांग्रेस के अखिल भारतीय सचिव है। अब शहर व राज्य में संगठन मामले में उनका महत्व बढ़ा है। परिक्षित जगताप को युवा चेहरे के तौर पर जिम्मेदारी देकर अमरावती जिले के गुटों में बंटे नेताओं को भी सबक दिया गया है। सोमवार 7 जुलाई को दिल्ली में कांग्रेस की बैठक होगी। उसमें महाराष्ट्र कांग्रेस के संबंध में नए निर्णय लिये जा सकते हैं। मतदान में हेरफेर के विषय के माध्यम से जनसंवाद कर कांग्रेस चुनाव तैयारी को गति देगी। पुराने व गुटों में बंटे नेताओं की भी रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
Created On :   6 July 2025 9:06 PM IST