- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- भास्कर चौपाल में पानी - सड़क और...
Nagpur News: भास्कर चौपाल में पानी - सड़क और स्वच्छता का छाया रहा मुद्दा, सुनीं गई समस्याएं

- पुलिस व स्वास्थ्य अधिकारी, कई पूर्व जनप्रतिनिधियों ने समस्याएं सुनीं
- सड़क और स्वच्छता का छाया रहा मुद्दा
Nagpur News गोविंद सुतरावे | दैनिक भास्कर की ओर से समाज के सभी पहुलओं पर निरंतर सकारात्मक व ध्यानाकर्षणयुक्त विविध आयोजन किए जाते हैं। इसी श्रृंखला के तहत शुक्रवार 16 मई को प्रभाग 29 म्हाड़गीनगर अष्टविनायक कॉलोनी (गणेश मंदिर) में "दैनिक भास्कर चौपाल' का आयोजन किया गया था। चौपाल में पुलिस, स्वास्थ्य अधिकारी, कई पूर्व जनप्रतिनिधियों ने समस्याएं सुनीं। जबकि बिजली, एनआईटी, सिटी सर्वे, ओसीडब्ल्यू विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति ने उपस्थित जनता के उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इसके कारण अधिकारियों के प्रति नाराजगी भी देखी गई। पानी, सड़क, गटर लाइन व स्वच्छता के मुद्दों पर परिसर के जागरूक लोगों ने अपनी बात खुलकर रखी। संचालन समन्वय संपादक आनंद निर्बाण ने किया।
विकराल होते जा रही समस्याएं
प्रवीण गवरे ने कहा म्हाड़गी नगर में गटर लाइन की समस्या काफी विकराल होते जा रही है। बारिश के दिनों में गंदा पानी सड़क पर बहता है। गटर लाइन ओवरफ्लो होकर बह रहे हैं। इससे लोगों को गंदगी का सामना करना पड़ता है। इस क्षेत्र में हर जगह बार खुले है। सड़क किनारे बार खुलने से असामाजिक तत्वों का ज्यादा भय रहता है। इन समस्याओं से शीघ्र छुटकारा मिलना चाहिए।
घरों में घुस रहा पानी
सुखदेव वंजारी (अध्यक्ष ओबीसी सेल राकां (अजीत) ने कहा सड़कें ऊंची होने से घरों में पानी घुस रहा है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई दिनों से यह हालात बने हुए है। शिकायत तो कई बार की गई है, किंतु कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। वर्षों से समस्या का सामना परिसर के लोग कर रहे हैं। सिर्फ आश्वासन दिया जाता है, किंतु समस्या हल होने का नाम नहीं ले रही है।
शिकायतों की अनदेखी
केदारनाथ ठाकरे ने कहा परिसर में पानी की गंभीर समस्या है। जलापूर्ति विभाग समस्याओं को हल करने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा है। लोगों को पानी नहीं मिलने से दिक्कतें झेलनी पड़ती है। इसके साथ ही नालियों के गंदे पानी की समस्या लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। गटर का पानी घरों में घुसने से कई लोगों को िदक्कतें होती हैं। समस्या हल नहीं होती।
गंदगी से स्वास्थ्य पर असर
दिलीप देशमुख ने कहा करीब ही रिंग रोड पर एक सभागृह बना हुआ है। इस सभागृह की वजह से गंदगी फैल रही है। यहां कचरा फैलाकर लोग चले जाते हैं। कचरे को वहीं पर फेंक दिया जाता है। परिसर में गंदगी फैलने से स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर स्वास्थ्य अधिकारी से शिकायत की गई, किंतु इसे लेकर कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है।
सड़कों के पानी से समस्या
नरेश बेरड ने कहा कितना भी अच्छा कार्य किया जाए, समस्या कभी खत्म नहीं होने वाली। गजानन नगर से नरसाडा रोड का निर्माण किया गया है। रोड ऊंची होने से अब इसका पानी घरों में घुस रहा है। सुना था की नालों की वजह से घर डूब जाते हैं, किंतु अब तो हम यह देख रहे हैं कि सड़कों के पानी से शहर डूब रहे हैं। शीघ्र समस्या हल होगी, ऐसी अपेक्षा है।
समस्या सुनने वाला कोई नहीं
नारायण मुकवानेे ने कहा मेरा भूखंड काफी पुराना है। मैंने घर का नक्शा पास करके घर बनाया है। घर की वाल कंपाउंड को लेकर कुछ दिक्कतें निर्माण हो गई हंै। इसका हल नहीं निकल रहा है। एनआईटी में शिकायत की गई, किंतु समस्याएं सुनने की बजाए उन्हें ही नोटिस दिया जा रहा है। इस प्रभाग के नगरसेवक के पास भी शिकायत लेकर गया, किंतु समस्या हल नहीं हो पाई है।
अक्सर गुल होती है बिजली
सुरेश हस्तक (पूर्व सदस्य डीपीसी) ने कहा माड़गीनगर बेसा पावर हाउस चौक में ट्राफिक जाम रहता है। इससे दुर्घटनाएं बढ़ गई है। ट्राफिक पुलिस की ड्यूटी यहां पर लगाना की जरूरत है। बिजली की समस्या प्रभाग में गंभीर है। बार-बार बिजली गुल होती है। ज्यादा लोड बढ़ने से यह समस्या निर्माण हो रही है। इससे राहत देने के लिए सब स्टेशन अपग्रेड करना चाहिए।
मंदिर परिसर में उड़ रही धुल
राजेंद्र साठवने ने कहा अष्टविनायक नगर में स्थित गणेश मंदिर खुद समस्याओं से घिरा है। मंदिर परिसर में धुल उड़ रही है। उद्यान की हालत काफी खराब है। बच्चों की खेलने की सामग्री टूटी हुई है। परिसर की हालत खराब है। इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नगरसेवकों की ओर से भले ही साफ-सफाई को लेकर दावे किये जाते हैं, लेकिन हालत हकीकत बयां करती हैं।
स्वच्छता को लेकर गंभीर नहीं
जगदीश बेलसरे ने कहा समस्याएं कभी पीछा नहीं छोड़ती। विद्युत खंभों पर लगे बल्बों की रोशनी पेड़ों की टहनियों से ढक रही है, िकंतु इसे हल करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। स्वच्छता को लेकर ठोस कदम उठाने की जरूरत है। पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। गली से दिल्ली तक भाजपा की सरकार है, किंतु समस्याएं हल करने उदासीनता बरती जा रही है।
विकास के सिर्फ हो रहे दावे
विकास कोरके, शिवसेना (शिंदे) ने कहा सड़क का निर्माण कार्य चार वर्षों से लटका है। नगरसेविका को कार्य अटकने की मुख्य वजह बताना चाहिए। किस कंपनी को यह कार्य दिया गया है। इसका भी खुलासा करना चाहिए। 12 वर्षों से नगरसेविका है। विनायकनगर, गजानन नगर में 6 वर्ष से पानी की समस्या बनी हुई है। मंदिरों में शेड लगाने व ग्रीन जिम लगाने से विकास नहीं होता।
सभी समस्याएं हल होगी
रविंद्र शेट्टी (स्वास्थ्य विभाग) ने कहा परिसर के लोगों ने पानी, स्वच्छता, गंदगी को लेकर अपने सवाल उपस्थित किए। स्वास्थ्य विभाग को आड़े हाथों लिया। कई जगह गंदगी और कचरे की समस्याएं गिनाई। इस पर स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि के रूप में विभाग की ओर से एक अधिकारी को भेजा गया था। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं को शीघ्र हल करने का प्रयास किया जाएगा।
घरों में मोटर, जांच जरूरी
रानी भास्कर धावंजेवार ने कहा मकान ऊंचाई पर होने से पानी नहीं मिल पाता। बस्ती के भीतर कई घरों में मोटर लगा रखा है। ओसीडब्ल्यू की ओर से इसकी जांच करनी चाहिए। राशन दुकानदार पांच व्यक्ति का राशन बराबर नहीं दे रहे हैं। 25 किलो की बजाए 20 किलो ही राशन थमा दिया जाता है। सुभाष खोडे ने न्यू माड़गीनगर में काफी विकास किया है, किंतु जनता ने उन्हें रिजक्ट कर दिया।
Created On :   18 May 2025 6:48 PM IST