Nagpur News: कमजोर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना नैतिक जिम्मेदारी

कमजोर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना नैतिक जिम्मेदारी
  • महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर
  • शिविर सिकलसेल जांच, मार्गदर्शन व जागरुकता पर केंद्रित रहा

Nagpur News समाज के कमजोर वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना एक नैतिक जिम्मेदारी है। इस दिशा में निरंतर प्रयास होने चाहिए। ऐसा संदेश स्वास्थ्य जांच शिविर में उपस्थित अतिथियों ने दिया। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल (मेडिकल) के पैथालॉली विभाग और इंद्रधनुष बहुद्देशीय संस्था व प्रकृति फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय महिला गृह स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर खास कर इट्पा और पोक्सो पीड़ित महिलाओं के लिए आयोजित किया गया था। शिविर सिकलसेल जांच, मार्गदर्शन व जागरुकता पर केंद्रित था।

महिलाओं को आत्मबल एवं सकारात्मक सोच जरुरी

सामाजिक और मानसिक रूप से जटिल परिस्थितियों से गुजरने वाली इट्पा व पोक्सो पीड़ित महिलाओं के लिए ऐसे विशेष आरोग्य शिविर विरले ही आयोजित किए जाते हैं। इन महिलाओं को सशक्त बनाने एवं उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए यह पहल की गई, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों ने निःशुल्क जांच की तथा महिलाओं को रोगों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जुल्फीकार अली ने की। प्रमुख अतिथि के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता किरण गुर्वे उपस्थित थीं। उन्होंने महिलाओं को आत्मबल एवं सकारात्मक सोच से जीने का संदेश दिया। शिविर में सिकल सेल रोग क्या है। इसकी जानकारी दी गई। बताया गया कि यह खून से जुड़ा एक अनुवांशिक रोग है। इसमें सामान्य लाल रक्त कोशिकाएं की जगह हंसिया आकार की कोशिकाएं बनती हैं। इससे पीड़ितों को थकान, कमजोरी, हड्डियों में दर्द और बार-बार संक्रमण होता है। समय पर जांच और उचित देखभाल से जीवन बेहतर बनाया जा सकता है।

महिलाओं एवं कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच

मेडिकल के पैथालॉजी विभाग के डॉ. विशाल धपकस ने 100 से अधिक महिलाओं एवं कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की। डॉ. किरण हिंगणकर व प्रीती नगरारे ने सरल भाषा में सिकल सेल रोग के लक्षण, कारण व बचाव की जानकारी दी। फाउंडेशन की पल्लवी ने महिलाओं में आत्मविश्वास व जीवन के प्रति नई ऊर्जा को लेकर मार्गदर्शन किया। शासकीय महिला गृह के काउंसलर चंद्रशेखर नारनवरे ने इस आयोजन की सराहना की। उन्होंने सभी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां इन महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक हैं। संस्था के सचिव स्नेहल गुर्वे ने बताया कि संस्था हमेशा वंचित व पीड़ित वर्गों के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी इसी तरह के सामाजिक कार्य करती रहेगी। संचालन अनुष पालसकर ने व आभार प्रदर्शन सतीश चव्हाण ने किया। आयोजन को सफल बनाने राजरत्न राऊत ने विशेष सह्योग किया।


Created On :   27 Jun 2025 4:50 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story