- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज ने कहा...
Nagpur News: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज ने कहा - खास तरीके से साकार होगी कृषि अनुसंधान संस्था

- प्रयोगशाला व जमीन की दर कम करने का प्रयास
- विदर्भ में सिंचाई क्षमता बढ़ेगी : सीएम
Nagpur News. कृषि अनुसंधान के लिए कार्यरत भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) की अनुसंधान संस्थाओं का लाभ कृषि विकास के लिए मिलेगा। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कृषि अनुसंधान संस्था एक राष्ट्र, एक कृषि व एक टीम के तत्व पर साकार होगी। संस्थाओं में समन्वय होगा। कृषि क्षेत्र में समृद्धि के लिए केंद्र व राज्य सरकार मिलकर कार्य करेगी। रविवार को सुरेश भट सभागृह में विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत कृषि संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय कृषिमंत्री चौहान बोल रहे थे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्य के कृषिमंत्री माणिक कोकाटे, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महासंचालक डॉ. एम. एल जाट प्रमुखता से उपस्थित थे।
इसे ऐसे समझें- एक राष्ट्र, एक कृषि
इसका मतलब है कि पूरे देश में एक ही प्रकार की कृषि पद्धतियाँ और तकनीकें अपनाई जाएं, ताकि कृषि उत्पादकता में वृद्धि हो और सभी क्षेत्रों में समान विकास हो।
एक टीम : इसका मतलब है कि कृषि क्षेत्र के सभी हितधारकों को एक साथ लाया जाए, जैसे कि किसान, कृषि वैज्ञानिक, कृषि शोधकर्ता, और कृषि उद्योग के लोग। यह सुनिश्चित करता है कि कृषि क्षेत्र के विकास के लिए सभी के विचार और सुझावों पर विचार किया जाए।
प्रयोगशाला व जमीन की दर कम करने का प्रयास
केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने कहा कि कृषि क्षेत्र में प्रयोगशाला व जमीन की दर कम करने का प्रयास सरकार कर रही है। आईसीएआर की देश में 113 संस्थाएं हैं। इनमें 11 संस्था महाराष्ट्र में है। मृदा सर्वेक्षण संस्था नागपुर में सभी संस्थाओं के प्रमुखों की बैठक होगी। महाराष्ट्र में कृषि विकास को दिशा दी जाएगी। 29 मई से 12 जून तक खरीफ सत्र के लिए जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। कृषि वैज्ञानिक गांवों को भेंट देंगे। चौहान ने नेशनल सॉइल स्पेक्ट्रम लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। चौहान ने बताया कि मृदा नक्शा सॉइल मैप के मामले में महाराष्ट्र पहला राज्य बना है। कपास फसल पर गुलाबी कीड़े का प्रकोप रोकने के लिए स्मार्टट्रैप तकनीकी का इस्तेमाल किया जाएगा।
विदर्भ में सिंचाई क्षमता बढ़ेगी : सीएम
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि विदर्भ में सिंचाई क्षमता तेज गति से बढ़ेगी। महाराष्ट्र में वैनगंगा नलगंगा नदी प्रकल्प के संबंध में भी उन्होंने जानकारी दी। फडणवीस ने कहा कि केंद्रीय कृषिमंत्री चौहान ने देश में कृषि क्षेत्र विकास के लिए समावेशक नीति तैयार की है। राज्य सरकार को उनको सहयोग रहेगा।
छोटे ट्रैक्टर पर अनुसंधान : कोकाटे
राज्य के कृषि मंत्री माणिक कोकाटे ने कहा कि कपास चुनने के लिए मजदूर नहीं मिल रहे। ऐसे में बैटरी पर चलनेवाले छोटे ट्रैक्टर का अनुसंधान व विकास किया जा रहा है। प्रयोग सफल होगा तो कृषि मंत्रालय को यह प्रकल्प पेश किया जाएगा। प्राकृतिक खेती, रासायनिक खेती व कृषि उत्पादक संघ में उल्लेखनीय कार्य करनेवाले नागपुर विभाग के किसानों का सत्कार किया गया।
Created On :   19 May 2025 4:34 PM IST