- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- अपहरण कर हाथ-पैर बांधा ,करोड़ों की...
Nagpur News: अपहरण कर हाथ-पैर बांधा ,करोड़ों की संपत्ति पर कब्जा करने के लिए साहूकार ने बेदम पिटाई की

- हुडकेश्वर में सनसनीखेज वारदात से हड़कंप
- ब्याज समेत 30 लाख की वसूली के लिए कार में बंद किया
Nagpur News ब्याज के साथ 30 लाख रुपए वापस करने में विलंब होने के कारण एक साहूकार ने साथियों के साथ मिलकर बुधवार काे कर्जदार का अपहरण किया। कर्ज की वसूली नहीं होने पर करोड़ों की संपत्ति कब्जाने के लिए साहूकार ने यह योजना बनाई थी। मामला सामने आने पर हुडकेश्वर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रवीण उर्फ बालुभाऊ भाउराव भुरकेवार, निलेश ज्ञानेश्वर तलखंडे, निलेश अमृत नगरकर व राकेश हरिभाउ अवचट का समावेश है। सभी आरोपियों की उम्र अंदाजन 40 से 45 वर्ष है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उन्हें 18 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है। आरोपी प्रवीण के पास साहूकारी का लाइसेंस नहीं मिलने पर अवैध साहूकारी की धारा भी लगाई जाएगी। हुडकेश्वर के थानेदार ज्ञानेश्वर भेदोडकर के नेतृत्व में मामले की जांच शुरू है। चर्चा यह भी है कि प्रवीण अपराधी प्रवृत्ति का है। वह साहूकारी लाइसेंस की आड़ में लोगों का शोषण करता है।
यह है मामला : रचना कॉलोनी, पिपला फाटा हुडकेश्वर निवासी विशाल उरकुडे (40) के पास दो प्लॉट हैं। कर्जबाजारी बढ़ने पर उसने सुरक्षा के तौर पर अपने और मां के नाम का बहादुरा का प्लाट और नरसाला की चार दुकान गिरवी रखी थी। वह हर माह प्रवीण को 56 हजार रुपए देता था। 13.44 लाख रुपए अब तक दिए थे। बाद में रुपए देना संभव नहीं होने से प्रवीण और उसके साथियों ने विशाल तथा उसकी मां को अपने सिरसपेठ स्थित कार्यालय में बुलाया। दुकान कब्जा करके किराएदार से खाली कराया। वह विशाल को गिरवी करोड़ों की संपति अपने नाम पर करने का दबाव बना रहे थे।
बकाया राशि की मांग : भयभीत विशाल परिवार के साथ भूमिगत होकर रहने लगा था। आरोपी कई दिन से विशाल को खोज रहे थे। मुख्य आरोपी प्रवीण साहूकारी करता है। विशाल ने कर्ज चुकाने के लिए प्रवीण से 2022-23 में 7 प्रतिशत की ब्याज दर पर 30 लाख रुपए का कर्ज लिया था। 30 लाख में से उसने कुछ रकम घर के काम और कुछ पैसे चुका दिए। वह प्रवीण को नियमित रूप से ब्याज दे रहा था। अब तक वह प्रवीण को 4 लाख रुपए लौटा चुका है। बाकी रकम वह चुकाने वाला था। हाल ही में प्रवीण ब्याज की रकम बकाया होने पर नाराज हो गया। उसने उसके प्लॉट पर कब्जा कर लिया। इसी बात पर दोनों में झगड़ा हो गया। इसी बीच प्रवीण ने उससे ब्याज की रकम मांगी। समय मांगने के बाद भी विशाल तय समय में रकम नहीं चुका पा रहा था।
गाड़ी में जबरन बैठाया : मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे आरोपी नीलेश भुरकेवार, नीलेश नागरकर और राकेश, विशाल के घर के सामने एक चार पहिया वाहन लेकर खड़े थे। विशाल को देखते ही उन्होंने उसे गाड़ी में जबरन बैठा लिया और विठोबा लॉन के पास ले गए। मुख्य आरोपी प्रवीण वहां पहले से ही मौजूद था। प्रवीण ने अपने साथियों को आदेश पर उसे कार में बिठाकर उमरेड रोड पर उंबरगांव फार्महाउस लेकर गए। फार्महाउस पहुंचते ही विशाल के हाथ-पैर बांध दिए गए और उसकी जमकर पिटाई की गई। दो घंटे तक पिटाई करने के बाद, उसे वापस नागपुर लाया गया।
पत्नी को दे दी थी खबर : इससे पहले, विशाल ने पत्नी को अपहरण की जानकारी दे दी। दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे के बीच, विशाल की पत्नी और मां हुडकेश्वर पुलिस स्टेशन पहुंचीं। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ज्ञानेश्वर भेदोडकर को पूरी कहानी सुनाई। भेदोडकर ने तुरंत आरोपी प्रवीण को फोन करके थाने आने को कहा। कुछ ही देर में प्रवीण, अपह्रत विशाल के साथ थाने पहुंचा। पुलिस ने घायल विशाल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इस बीच, आरोपी प्रवीण के ज़रिए उसके उक्त तीनों आरोपी साथियों का पता लगाकर उन्हें धर-दबोचा। विशाल को इलाज के बाद आधी रात को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज किया।
चक्कर काट रहे हैं कई पीड़ित : पुलिस की सख्ती के बावजूद शहर में अवैध साहूकारी कम नहीं हो रही है। पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र कुमार सिंगल ने थानेदारों को अवैध साहूकारों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए थे, इसके बावजूद हालात नहीं बदल रहे हैं। चर्चा है कि खामला के एक साहूकार से पीड़ित लोग कई लोग दिन से पुलिस के चक्कर काट रहे हैं। एक पीड़ित ने तो खुदकुशी का प्रयास तक किया था। शहर में अवैध साहूकारों को कुछ नेताओं का भी संरक्षण है, जिससे वह पुलिस से भी नहीं डरते हैं।
Created On :   17 July 2025 11:38 AM IST