Nagpur News: कुणाल के स्पर्धी शिवराज को सौंपी प्रदेश युवक कांग्रेस की कमान, चुनाव की बजाय सीधी नियुक्ति

कुणाल के स्पर्धी शिवराज को सौंपी प्रदेश युवक कांग्रेस की कमान, चुनाव की बजाय सीधी नियुक्ति
  • निकाय चुनाव में रहेगी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
  • चुनाव के बजाय सीधी नियुक्ति

Nagpur News. युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुणाल राऊत को कांग्रेस का प्रदेश महासचिव नियुक्त करने के बाद युवक कांग्रेस का नेतृत्व बदल दिया गया है। शिवराज मोरे को युवक कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। युवक कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर कुणाल राऊत व शिवराज मोरे के बीच स्पर्धा चर्चा में रही है। विवाद व मारपीट की स्थिति भी बनी थी। लिहाजा,अब माना जा रहा है कि युवक कांग्रेस में कार्यकारिणी विस्तार के समय पदाधिकारियों का मतभेद सामने आ सकता है। राज्य में मनपा, जिप, नप सहित अन्य स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारी चल रही है। इस दौरान युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा। मोरे की नियुक्ति का पत्र शुक्रवार को युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानू चिब ने जारी किया है।

चुनाव को लेकर हुआ घमासान

मार्च 2022 में प्रदेश युवक कांग्रेस के लिए चुनाव कराया गया। उस दौरान मतदान प्रक्रिया को लेकर काफी घमासान हुआ। जिला स्तर पर कार्यकर्ता पंजीयन के माध्यम से मतदान प्रक्रिया हुई। आरोप लगाए गए कि मतदान के लिए बिजली विभाग के ठेका कर्मचारियों के नामों का भी उपयोग किया गया। तब राज्य के ऊर्जामंत्री नितीन राऊत थे। कुणाल राऊत, नितीन राऊत के पुत्र है। चुनाव में कुणाल राऊत को 5,49,267 मतदान मिले थे। शिवराज मोरे को 3,80,367 मतदान मिले। शरण बसवराज पाटील 2,47,995 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे। लेकिन इस बार मतदान के बजाय सीधी नियुक्ति की गई है।

चर्चा में रहे विवाद

कुणाल व शिवराज के बीच विवाद काफी चर्चा में रहा हैं। जून 2023 में मुंबई में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में युवक कांग्रेस के पदाधिकारी गुत्थमगुत्था हुए थे। उस दौरान शिवराज मोरे और अनिकेत म्हात्रे के समर्थकों ने कुणाल को युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने की मांग के साथ शोर शराबा किया और कुर्सियां फेंकी थी। इसी वर्ष जनवरी में युवक कांग्रेस के 60 पदाधिकारियों को कार्यमुक्त कर दिया। इनमें शिवराज मोरे, नागपुर से केतन ठाकरे, शिवानी वडेट्‌टीवार, अनुराग भोयर मिथिलेश कन्हेरे, अक्षय हेटे, अभिषेक धवड का समावेश था। बताया गया कि संघ मुख्यालय के पास युवक कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल नहीं होने के कारण पदाधिकारियों पर कार्रवाई की गई। वहीं यह भी आरोप लगा कि कुणाल राऊत ने शिवराज सहित नागपुर में अपने विरोधी पदाधिकारियों को हटाने के लिए निराधार प्रस्ताव अखिल भारतीय युवक कांग्रेस को भेजा था। विवाद के बीच शिवराज मोरे को युवक कांग्रेस का प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

Created On :   1 Aug 2025 6:04 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story