Nagpur News: लाखों के स्मार्ट ट्रैफिक पुलिस बूथ लावारिस पड़े, रख-रखाव के अभाव में दम तोड़ रहे

लाखों के स्मार्ट ट्रैफिक पुलिस बूथ लावारिस पड़े, रख-रखाव के अभाव में दम तोड़ रहे
उग गई हैं झाड़ियां, पड़ा है कचरे का ढेर

Nagpur News यातायात पुलिस विभाग के कर्मचारियों को भीषण गर्मी, बारिश व ठंड से बचाव के लिए शहर में 125 स्मार्ट पुलिस बूथ की योजना तैयार की गई थी, जिसमें से 78 से अधिक स्थानों पर इसे लगाया जा चुका है। खराब मौसम में यह यातायात पुलिस विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं, लेकिन इनकी दुर्दशा देखकर खुद यातायात पुलिस विभाग हैरान है। प्रत्येक स्मार्ट पुलिस बूथ के लिए करीब 6 लाख रुपए खर्च किए गए। अब ये बूथ अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहे हैं।

नजर नहीं आते पुलिसकर्मी : उड़ानपुलों के निर्माण के चलते अग्रसेन चौक सहित अन्य कई चौराहों से इन्हें हटाकर कबाड़ बनने रख दिया गया है। रखरखाव के अभाव में शंकर नगर चौक के पास, अलंकार टाकीज से शंकरनगर चौक के बीच खरे टाउन चौक, ग्रेट नाग रोड पर सरदार वल्लभभाई पटेल चौक सहित अन्य कई चौराहों पर खड़े किए गए स्मार्ट पुलिस बूथ की पूछ-परख लेने वाला कोई नहीं है। यह स्मार्ट पुलिस बूथ रखरखाव के अभाव में दम तोड़ने लगे हैं। इनमें से कई बूथ के पास कचरे का ढेर लगा है, तो कुछ बूथों के पास झाड़ियां उग गई हैं। लाखों रुपए खर्च कर बनाए गए इन स्मार्ट पुलिस बूथों में ट्रैफिक पुलिसकर्मी नजर नहीं आते हैं।

अाधुनिक सुविधाओं से लैस थे : स्मार्ट सिटी के तहत शहर में 125 स्थानों पर स्मार्ट पुलिस बूथ लगाने का निर्णय लिया गया था। सूत्रों के अनुसार दो चरणों में 78 से अधिक स्थानों पर स्मार्ट पुलिस बूथ लगाए जा चुके हैं। इनमें से कुछ अब कबाड़ बनने के लिए सड़क किनारे रख दिए गए हैं। सौर ऊर्जा संचालित स्मार्ट बूथ को ट्रैफिक कर्मचारी स्वयं डिजीटल रूप में संचालित कर सकते हैं। यूजर आईडी के माध्यम से बूथ को खोलने और बंद करने की सुविधा जोड़ी गई है। एक्झास्ट फैन और साधारण पंखे के साथ ही सार्वजनिक उद्घोषणा (पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम) भी लगाया गया है। अब यहां से आवाज भी सुनाई देना बंद हो गया है। इसकी विशेषता है कि लोहे की सैंडविच पैनल की दो परत के चलते बाहरी वातावरण से करीब 3 डिग्री तक कम तापमान इसमें रहता है।

रख-रखाव का काम पुलिस का नहीं : कई स्वचलित चौराहे हो गए हैं। स्मार्ट पुलिस बूथ में कर्मचारियों को रुकने की जरूरत नहीं पड़ती है। रख-रखाव का काम यातायात पुलिस िवभाग नहीं करता है। हां समय-समय पर इसके बारे में संबंधित विभाग को सूचित किया जाता है। - लोहित मतानी, पुलिस उपायुक्त, यातायात पुलिस विभाग, नागपुर शहर

Created On :   25 Sept 2025 1:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story