- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- पैसों का स्वांग नहीं किया जा सकता...
Nagpur News: पैसों का स्वांग नहीं किया जा सकता है तो क्या किसानों को आत्महत्या करने देगी सरकार

Nagpur News किसानों को मदद के मामले को लेकर उपमुख्यमंत्री अजित पवार के वक्तव्य पर विधानसभा के कांग्रेस दल नेता विजय वडेट्टीवार ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि आर्थिक तिजोरी की स्थिति को देखते हुए क्या राज्य सरकार किसानों को आत्महत्या करने देगी। उन्होंने किसान कर्जमाफी को लेकर महायुति के आश्वासन का स्मरण कराया। गुरुवार को वडेट्टीवार ने पत्रकारों से चर्चा की। बाढ़ के कारण मराठवाडा में किसानों को काफी नुकसान हुआ है।
किसानों के कर्जमाफ करने की मांग की जा रही है। इस पर उपमुख्यमंत्री पवार ने कहा है कि पैसों के मामले में कोई स्वांग नहीं किया जा सकता है। वडेट्टीवार ने कहा-मराठवाड़ा में अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री का दौरा महज दिखावा है। मुख्यमंत्री से किसानों ने मदद के संबंध में सवाल किया तो जवाब मिला कि राजनीति न करें। सवाल तो यह है कि किसानों को मदद के संबंध में सवाल करने में राजनीति कहां है। किसानों को मदद के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं दी जा रही है। सरकार की नीयत ही मदद करने की नहीं दिख रही है।
वित्तमंत्री क्यों भड़कते हैं : वडेट्टीवार ने कहा-वित्तमंत्री अजित पवार से किसान कर्जमाफी की मांग करते हैं तो वे क्यों भड़कते हैं। एक वर्ष पहले चुनाव के पहले इन्हीं ने घोषणा की थी कि किसानों का कर्जमाफ किया जाएगा। अब कहते हैं कि पैसों के लिए स्वांग नहीं किया जा सकता है। आखिर यह कारण क्यों बताया जा रहा है। लाडली बहन योजना का कारण बताया जा रहा है पर इस योजना के माध्यम से तो सरकार ने मत पाए हैं। किसानों का कृषि उपज का समर्थन मूल्य नहीं मिल पा रहा है। सोयाबीन पर कीट का प्रकोप है। किसानों को फसल बीमा के पैसे नहीं मिलेंगे। इसलिए किसानों को प्रति हेक्टेयर 50 हजार रुपये की मदद करें।
6 माह का वेतन देंगे : मराठवाड़ा में अतिवृष्टि प्रभावित किसानों को मदद की बड़ी आवश्यकता है। खेत की जमीन खराब हो गई है। वडेट्टीवार ने कहा कि वे अपना 6 माह का विधायक-वेतन मुख्यमंत्री सहायता कक्ष को देंगे। सर्वदलीय विधायक अपना वेतन मुख्यमंत्री सहायता कक्ष को दें।
Created On :   25 Sept 2025 4:05 PM IST