- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मेयो में छात्राओं की मेस 2 महीने से...
Nagpur News: मेयो में छात्राओं की मेस 2 महीने से बंद ,एमबीबीएस छात्रों को हो रही परेशानी

- मेस के खाने में पायी गई थी इल्लियां
- मेयो प्रशासन ने मेस बंद कर ठेका रद्द
Nagpur News इंदिरा गांधी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल (मेयो) में एमबीबीएस छात्राओं के होस्टल की मेस दो महीने से बंद है। दो महीने पहले यहां की मेस के खाने में इल्लियां पायी गई थी। इसके बाद मेयो प्रशासन ने मेस बंद कर ठेका रद्द कर दिया था। इसके बाद नया ठेकेदार नहीं मिला। मेस बंद होने से छात्राओं को बाहरी खाने पर निर्भर रहना पड़ रहा है। कई बार भूखे पेट रहकर ही क्लास में जाना पड़ता है। इसकी जानकारी प्रशासन को दी गई है, बावजूद इस समस्या का समाधान नहीं निकाला जा रहा है।
300 से अधिक छात्राएं प्रभावित : मेयो में एमबीबीएस के पहले वर्ष से लेकर अंतिम वर्ष तक लगभग 300 छात्राएं अध्ययन कर रही हैं। इनके लिए छात्रावास परिसर में मेस शुरू की गई थी। दो महीने पहले जब भोजन की थाली में इल्लियां पाई गई तो इसकी शिकायत छात्रावास अधीक्षक से की गई। इसके बाद अधिष्ठाता को इसकी जानकारी दी गई। बाद में मेस के ठेकेदार को नोटिस देकर तत्काल मेस बंद कर दी गई। मेयो की छात्राएं अब बाहर से डब्बे मंगवा रही हैं, लेकिन ये डब्बे समय पर नहीं पहुंचते। छात्राएं जब वार्ड या क्लास में होती हैं, तब डब्बेवाले छात्रावास में ही डब्बा छोड़कर चले जाते हैं। इससे छात्राओं को समय पर खाना नहीं मिल पाता। कई बार पूरे दिन कुछ भी न खाकर क्लास अटेंड करनी पड़ती है।
नाश्ता भी फिलहाल बंद : पहले मेस में नाश्ता भी उपलब्ध होता था, लेकिन अब वह भी बंद है। ऑनलाइन फूड मंगाने की कोशिश की जाती है, लेकिन वह कब आएगा, इसकी कोई निश्चितता नहीं रहती। बाहरी खाना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक भी हो सकता है। इसलिए कई बार छात्राएं फलों पर ही दिन गुजार देती है।
जल्दी शुरू करने प्रयास : नई मेस शुरू करने के लिए निविदा निकाली गई थी, लेकिन केवल एक ही निविदा प्राप्त हुई। इसलिए फिर से निविदा मंगाई जा रही है। मेस जल्दी शुरू करने के प्रयास जारी हैं। -डॉ. रवि चव्हाण, अधिष्ठाता, मेयो अस्पताल
Created On :   15 July 2025 1:47 PM IST