- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नशेड़ी कंटेनर चालक पर अदालत ने कसा...
Nagpur News: नशेड़ी कंटेनर चालक पर अदालत ने कसा शिकंजा

Nagpur News शहर में यातायात पुलिस द्वारा शुरू किए गए यू-टर्न अभियान के तहत नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के दौरान नागपुर–वर्धा रोड पर की गई नाकाबंदी में एक बड़ा मामला सामने आया, जिसमें 12 पहियों वाले राजस्थान पासिंग कंटेनर के चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया। उसके खिलाफ 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
20 हजार रुपए का जुर्माना : पुलिस सूत्रों के अनुसार राजस्थान पासिंग कंटेनर क्रमांक आरजे 30 जीए 7235 को चला रहा चालक महेश नारायण गुजर, होटल प्राइड के पास से वर्धा रोड की ओर जा रहा था। संदिग्ध हालत में वाहन को देखकर यातायात पुलिस ने उसे रोका। जांच करने पर पुष्टि हुई कि चालक नशे में कंटेनर चला रहा था, जो किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। घटना 13 नवंबर 2025 की बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर ही ड्रंकन एंड ड्राइव की कार्रवाई करते हुए कंटेनर को जब्त कर सोनेगांव ट्रैफिक जोन में जमा कर दिया। इसके बाद मामला न्यायालय में भेजा गया।
सुनवाई के दौरान अदालत ने मामले को गंभीर मानते हुए चालक महेश गुजर पर 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। यह सजा उन लोगों के लिए एक कड़ा संदेश है] जो नशे में वाहन चलाकर सड़क सुरक्षा के लिए खतरा बनते हैं। गौरतलब है कि पुलिस उपायुक्त लोहित मतानी के मार्गदर्शन में शहर में जोर-शोर से चल रहे यू-टर्न अभियान में अब तक कई नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जा चुकी है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम आगे भी जारी रहेंगे।
Created On :   27 Nov 2025 1:59 PM IST















