Nagpur News: चुनाव में मतों का दान मांगना लाेकतंत्र - फडणवीस

चुनाव में मतों का दान मांगना लाेकतंत्र - फडणवीस
देश आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है

Nagpur News प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बुधवार को जिले में चुनाव प्रचार दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने उमरेड, वाड़ी में चुनाव प्रचार किया और पत्रकारों से बातचीत की। नगर परिषद व नगर पंचायत के चुनाव प्रचार में महाविकास आघाड़ी के नेता नहीं दिख रहे हैं। इस संबंध में सवाल पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि चुनाव में ‘मतों का जोगवा’ अर्थात दान मांगने को लोकतंत्र कहते हैं। कोई चुनाव में लोगों के बीच न जाए, तो यह उनका विषय है। लाडली बहन योजना से जुड़े सवाल पर सीएम ने कहा कि यह योजना सरकार की है। सरकार में तीनों दल हैं, इसलिए योजना पर तीनों दल दावा कर रहे हैं।

प्रचार सभा में यह कहा : प्रचार सभा में मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि टीका-टिप्पणी के बजाय सकारात्मक वोट मांगने आया हूं। जनसंख्या बढ़ने से समस्याएं भी बढ़ीं हैं। पहले के राजकर्ताओं ने शहर की समस्या पर अधिक ध्यान नहीं दिया। अब औद्योगिक निवेश बढ़ रहा है। नए-नए उद्योग आ रहे हैं। लाडली बहनों को लखपति दीदी बनाया जाएगा। किसानों को मुफ्त बिजली की योजना जारी रहेगी।

जनता जिसे चुनती है, वही शासन चलाता है उमरेड नगर परिषद चुनाव के लिए हुई जनसभा में मुख्यमंत्री फडणवीस ने संविधान दिवस पर कहा कि जनता जिसे चुनती है, वही शासन चलाता है। यह अधिकार हमें संविधान से मिला है। मतदान करना हर नागरिक का कर्तव्य है। देश आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र व राज्य सरकार विकास कार्यों को तेज गति देने के लिए संकल्पबद्ध है। मंच पर भाजपा से नगराध्यक्ष उम्मीदवार प्राजक्ता कारू सहित सभी 27 नगरसेवक प्रत्याशी मौजूद थे।

भाजपा के पास प्रारूप तैयार : मुख्यमंत्री ने कहा कि उमरेड नगर परिषद क्षेत्र का विस्तृत विकास प्रारूप भाजपा के पास तैयार है। इसके तहत जलापूर्ति में सुधार, बेहतर सड़कें, ड्रेनेज सिस्टम, कचरा प्रबंधन योजना, स्ट्रीट लाइट नेटवर्क का सुधार, नागरिक सुविधा केंद्रों की स्थापना, मूलभूत नगर सुविधाओं का विस्तार जैसे महत्वपूर्ण प्रकल्प शामिल हैं, जो शहर के विकास की दिशा तय करेेंगे।

कभी बंद नहीं होगी : ‘लाड़ली बहन’ योजना महाराष्ट्र में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘लाड़ली बहन’ योजना किसी भी हालत में बंद नहीं होगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को वाड़ी के दत्तवाड़ी स्थित गजानन सोसाइटी क्रीड़ा मैदान पर आयोजित जनसभा में की। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि यह योजना बहनों के स्वावलंबन की मजबूत दीवार है। आने वाले समय में इसे और भी मजबूत किया जाएगा। जब तक लाड़ली बहनों का देवा भाई मुख्यमंत्री है, यह योजना बंद नहीं होगी।

सभी को मिलेंगे मालिकाना हक के पट्टे : मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वाड़ी के सर्वांगीण विकास का खांचा तैयार है। पालकमंत्री तथा राज्य के महसूल मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले द्वारा जारी नए जीआर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शहर के अतिक्रमण को नियमन में लाने का रास्ता अब साफ हो गया है। जो परिवार वर्षों से अतिक्रमित जगहों पर रह रहे हैं, उन्हें नियमितीकरण का लाभ मिलेगा। झोपड़ियों में रहने वालों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के घर दिए जाएंगे। आंबेडकर नगर में पट्टे न मिलने की समस्या भी अब खत्म होगी। फडणवीस ने आश्वासन दिया कि वाडी में भाजपा का नगराध्यक्ष चुने जाने के बाद पहला काम सभी नागरिकों को मालिकाना हक के पट्टे देना होगा।




Created On :   27 Nov 2025 12:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story