- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नितिन गडकरी ने खुद खोला फिटनेस...
Nagpur News: नितिन गडकरी ने खुद खोला फिटनेस सीक्रेट, अमिताभ बच्चन भी कर चुके हैं तारीफ
Nagpur News केंद्रीय मंत्री सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने अपनी फिटनेस और वजन घटाने के पीछे का राज़ साझा करते हुए कहा कि कोरोना काल के बाद उन्होंने अपनी जीवनशैली पूरी तरह बदल दी। नियमित व्यायाम, प्राणायाम और अनुशासित दिनचर्या की बदौलत उन्होंने करीब 49 किलो वजन कम किया, जिसका असर उनकी सेहत और व्यक्तित्व दोनों पर दिखाई देता है।
नागपुर स्थित गडकरी वाडा में "हरित नागपुर" अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि उनसे अक्सर लोग पूछते हैं कि वे दिन-ब-दिन इतने युवा कैसे दिखाई देते हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में थाईलैंड से आए बौद्ध भिक्षुओं ने भी उनसे यही सवाल किया था। इतना ही नहीं, महानायक अमिताभ बच्चन भी सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों में उनसे उनकी फिटनेस का राज़ पूछते हैं।
गडकरी ने कहा, "पहले मेरे खाने-पीने और सोने का कोई निश्चित नियम नहीं था। लेकिन कोरोना काल में एक करीबी मित्र को खोने के बाद मैंने स्वास्थ्य को गंभीरता से लेना शुरू किया। नियमित व्यायाम और प्राणायाम से न सिर्फ नई ऊर्जा मिलती है, बल्कि मेरा वजन भी 49 किलो कम हुआ।"
उन्होंने कहा कि सुंदरता, ज्ञान, सत्ता और संपत्ति इंसान की पहचान बढ़ा सकते हैं, लेकिन ये सभी चीजें स्थायी नहीं होतीं। इसलिए सबसे अधिक ध्यान स्वास्थ्य पर देना चाहिए।
यह भी पढ़े -भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता की सलाह - रामरक्षा आंदोलन से पहले संघ मुख्यालय जाकर माफी मांगें संजय राऊत
हवा से बना पानी पीते हैं गडकरी : कार्यक्रम के दौरान गडकरी ने एक और दिलचस्प जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे एक विशेष विदेशी मशीन से तैयार किया गया पानी पीते हैं, जो वातावरण की नमी से शुद्ध पानी बनाती है। उनका कहना था कि देश में लोग शुद्ध पानी के महत्व को लेकर अभी भी गंभीर नहीं हैं, जबकि दूषित पानी कई बीमारियों का कारण बनता है।
प्रदूषण पर जताई चिंता : गडकरी ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण लोगों की आयु पर असर डाल रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि दिल्ली में प्रदूषण के कारण लोगों की औसत उम्र 8 से 10 वर्ष तक कम होने की बात सामने आई है। इसलिए स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण के लिए सभी को जागरूक होना होगा।
पेट्रोलियम से होता है 40% प्रदूषण : केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि वातावरण में होने वाले कुल प्रदूषण का लगभग 40% हिस्सा पेट्रोलियम उत्पादों से आता है। ऐसे में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण बेहद जरूरी है।
10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य : "हरित नागपुर" अभियान के तहत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। गडकरी ने लोगों से अपील की कि वे केवल फोटो खिंचवाने के लिए वृक्षारोपण कार्यक्रम में न आएं, बल्कि पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। यह विशेष अभियान 1 से 30 अगस्त तक चलाया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और पुलिस कर्मियों से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।
यह भी पढ़े -आयुक्त डॉ. विपीन ने कहा - उपराजधानी में विकास कार्यों के लिए खुदाई से पहले मनपा की अनुमति अनिवार्य
Created On :   18 July 2026 6:04 PM IST















