- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा...
लक्ष्य: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा - राजनीति की तरह दिखावे के लिए नहीं, संकल्प के साथ करें पौधारोपण

Nagpur News. नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों को राजनीति की तरह केवल दिखावे के लिए पौधारोपण नहीं करना चाहिए, बल्कि भावी पीढ़ी को शुद्ध हवा और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने का संकल्प लेकर इस अभियान को सफल बनाना चाहिए। यह आह्वान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को रेशीमबाग स्थित सुरेश भट सभागृह में पौधारोपण अभियान की योजना को लेकर आयोजित बैठक में किया। उन्होंने कहा कि सौंदर्य, ज्ञान, सत्ता और संपत्ति से सम्मान तो मिलता है, लेकिन ये सभी अस्थायी हैं। जीवन का वास्तविक आनंद स्वस्थ शरीर में है। इसलिए बेहतर पर्यावरण, स्वच्छ हवा और शुद्ध पानी के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
गडकरी ने बताया कि वर्धा रोड पर एनएचएआई के सहयोग से ऑक्सीजन पार्क विकसित किया गया है। अब राज्य के वन विभाग के सहयोग से लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से बर्ड पार्क बनाया जाएगा, जहां नागरिक जीवित पक्षियों को प्राकृतिक वातावरण में देख और उनके करीब जाकर प्रकृति का आनंद ले सकेंगे।
यह भी पढ़े -9 गांवों के 1,074 किसानों को दिन में मिलेगी बिजली, काटोल में जिले का पहला 4 मेगावाट सौर ऊर्जा प्रकल्प शुरू
गडकरी ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद से वे प्रतिदिन दो घंटे प्राणायाम करते हैं, जिससे उन्हें ऊर्जा के साथ बेहतर स्वास्थ्य भी मिला है।
कार्यक्रम में महापौर नीता ठाकरे, मनपा आयुक्त डॉ. विपीन, उपमहापौर लीला हाथीबेड, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनायक महामुनी, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार, विधायक कृष्णा खोपड़े एवं मोहन मते, पूर्व महापौर दयाशंकर तिवारी, पूर्व विधायक अनिल सोले, प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्रीनिवास राव, ग्रीन फाउंडेशन के सतीश वाटे, स्थायी समिति की सभापति शिवानी दानी, उपवन संरक्षक विनिता व्यास, प्रो-कुलगुरु अखिलेश पेशवे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।
पौधारोपण में सहयोग करने वालों का हुआ सम्मान
एक से 30 अगस्त तक प्रस्तावित पौधारोपण अभियान के तहत सहयोग देने वाली संस्थाओं और अधिकारियों का सम्मान किया गया। वन विभाग के प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्रीनिवास राव द्वारा पांच लाख पौधे उपलब्ध कराने, वेकोली के महाप्रबंधक जॉन वर्गीस द्वारा पांच लाख पौधे उपलब्ध कराने, मॉयल की ओर से ट्री गार्ड उपलब्ध कराने, रायसोनी ग्रुप के सुनील रायसोनी द्वारा एक लाख पौधे लगाने, ग्रीन फाउंडेशन के दिलीप चिंचमलातपुरे तथा दिल्ली की एक स्वयंसेवी संस्था के प्रीतिश अंभोरे द्वारा 50-50 हजार पौधे लगाने की घोषणा पर उनका सम्मान किया गया।
यह भी पढ़े -बावनकुले ने कहा - उद्धव ठाकरे का रामरक्षा पाठ दिखावा, राम के नाम पर वोट बैंक बनाने की कोशिश
शहर में पांच लाख तथा ग्रामीण क्षेत्र में पांच लाख पौधे लगाने के इस अभियान की निगरानी अमरावती रोड स्थित रिमोट सेंसिंग कार्यालय द्वारा अत्याधुनिक तकनीक से की जाएगी और हर वर्ष इसका मूल्यांकन भी किया जाएगा।
अभियान से जुड़ने के इच्छुक संस्थान, स्कूल, कॉलेज, स्वयंसेवी संगठन और नागरिक ग्रीन फाउंडेशन की वेबसाइट अथवा मनपा कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
यह भी पढ़े -भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता की सलाह - रामरक्षा आंदोलन से पहले संघ मुख्यालय जाकर माफी मांगें संजय राऊत
ऐसे होगा पौधारोपण अभियान
शहरी क्षेत्र में पौधारोपण के लिए गड्ढे महानगरपालिका तैयार करेगी, जबकि पौधे वन विभाग तथा ट्री गार्ड मॉयल उपलब्ध कराएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में यह जिम्मेदारी जिला परिषद निभाएगी। अभियान के संचालन में महापौर, उपमहापौर, सत्तापक्ष के नेता, स्थायी समिति की सभापति तथा मनपा प्रशासन सहयोग करेगा।
अभियान में भाग लेने वाली संस्थाओं और नागरिकों को ग्रीन फाउंडेशन की वेबसाइट अथवा मनपा कार्यालय में पंजीकरण कर पौधारोपण का स्थान और पौधों की संख्या निर्धारित करनी होगी। साथ ही लगाए गए पौधों के तीन वर्षों तक संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी संबंधित संस्था या नागरिक को निभानी होगी।
Created On :   17 July 2026 8:51 PM IST










