- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- एक ही युवक के नाम पर बैंक में 14...
जीआरएम पोर्टल से खुलासा: एक ही युवक के नाम पर बैंक में 14 खाते, किराए पर देकर अवैध लेनदेन की आशंका - जांच शुरु

Nagpur News. एक ही युवक के नाम पर एक ही बैंक में 14 खाते खुलने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आशंका जताई जा रही है कि इन खातों का इस्तेमाल कमीशन के आधार पर किराए पर देकर अवैध वित्तीय लेनदेन (ट्रांजेक्शन) जैसी गतिविधियों के लिए किया जा रहा होगा। इस मामले में बजाज नगर पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मिसाल लेआउट, इंदौरा निवासी राजेश रमेश गवली (24) के रूप में हुई है। महाराष्ट्र बैंक के जीआरएम पोर्टल के माध्यम से जांच के दौरान पता चला कि राजेश के नाम पर बैंक में कुल 14 खाते संचालित हैं। इन खातों में अब तक लगभग 26 हजार रुपये का लेनदेन दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़े -'रामरक्षा' आंदोलन के लिए मोहन भागवत को बुलाएगी शिवसेना (यूबीटी), संजय राउत बोले-निमंत्रण देना हमारा कर्तव्य
प्राथमिक जांच में आशंका जताई गई है कि इन खातों का उपयोग कमीशन के बदले दूसरों को किराए पर उपलब्ध कराने के लिए किया जाता होगा। संदिग्ध वित्तीय गतिविधियां सामने आने के बाद आरोपी जांच के दायरे में आ गया।
जीआरएम पोर्टल से प्राप्त निर्देशों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि इस पूरे नेटवर्क में अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है। पुलिस सभी बैंक खातों के लेनदेन, लाभार्थियों और खातों के संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। मामले में आगे और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Created On :   17 July 2026 5:40 PM IST









