समीक्षा बैठक: आयुक्त डॉ. विपीन ने कहा - उपराजधानी में विकास कार्यों के लिए खुदाई से पहले मनपा की अनुमति अनिवार्य

आयुक्त डॉ. विपीन ने कहा - उपराजधानी में विकास कार्यों के लिए खुदाई से पहले मनपा की अनुमति अनिवार्य
  • विविध विभागों के साथ समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
  • विकास कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करने का उद्देश्य
  • जवाबदेही और सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान दें

Nagpur News. शहर में बड़े पैमाने पर विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों के लिए संबंधित विभाग और एजेंसियां सड़कों की खुदाई करती हैं। ऐसे में विकास कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से महानगरपालिका आयुक्त डॉ. विपीन ने पहल की है। शुक्रवार को मनपा मुख्यालय स्थित आयुक्त सभाकक्ष में सभी संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आयुक्त डॉ. विपीन ने शहर में जारी विभिन्न विकास कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश सभी एजेंसियों को दिए। साथ ही कहा कि शहर में किसी भी सड़क की खुदाई करने से पहले महानगरपालिका प्रशासन से अनिवार्य रूप से अनुमति ली जाए। इसके लिए मनपा एक पोर्टल तैयार करेगी, ताकि सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो और विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा सकें।

प्रमुख रूप से महावितरण कंपनी के मुख्य अभियंता, महाजेनको के मुख्य अभियंता, मनपा की अधीक्षक अभियंता श्वेता बनर्जी, मनोज तालेवार, नगर रचना विभाग के ऋतुराज जाधव, कार्यकारी अभियंता राजेश दुपारे तथा नागपुर सुधार प्रन्यास, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), बीएसएनएल सहित अन्य विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

जवाबदेही और सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान दें

आयुक्त डॉ. विपीन ने विकास कार्यों के दौरान जवाबदेही और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश भी दिए। महानगरपालिका द्वारा नाग नदी पुनर्जीवन परियोजना, अमृत योजना सहित अन्य परियोजनाओं के कार्य जारी हैं। इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभाग भी शहर के अनेक स्थानों पर विकास कार्य कर रहे हैं।

इन कार्यों के दौरान कई बार भूमिगत उपयोगिताओं (यूटिलिटी) जैसे पानी की पाइपलाइन, विद्युत केबल और टेलीफोन केबल क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, जिससे आवश्यक सेवाएं प्रभावित होती हैं और नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए आयुक्त ने सभी विभागों को भूमिगत केबल लाइनों का जीपीएस मैप उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि मनपा प्रशासन की अनुमति के बिना खुदाई या अन्य विकास कार्य करने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Created On :   17 July 2026 6:09 PM IST

Tags

Next Story