अलग अलग हादसे: खापरखेड़ा में तेज रफ्तार कार की टक्कर में युवक की मौत, डोंगरगांव के पास वाहन से चालक की मौत

खापरखेड़ा में तेज रफ्तार कार की टक्कर में युवक की मौत, डोंगरगांव के पास वाहन से चालक की मौत
  • सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई
  • डोंगरगांव गुरुद्वारे के पास वाहन हादसा, चालक की मौत

Nagpur News. खापरखेड़ा थाना क्षेत्र के दहेगांव स्थित सनराइज होटल के सामने हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक की पहचान यशवंत चंदेल (28, पिपला रोड, हुड़केश्वर) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 7.30 से 8 बजे के बीच यशवंत चंदेल अपनी पत्नी, बहन, मां और बेटी के साथ कार (एमएच-20 बीएन-5079) से जा रहे थे। दहेगांव क्षेत्र में डिवाइडर के पास मोड़ लेते समय पीछे से आ रही स्विफ्ट कार (एमएच-27 बीई-6163) के चालक ने बिना इंडिकेटर दिए तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल यशवंत चंदेल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शुरुआत में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद 15 जुलाई को मृतक की पत्नी दुर्गा यशवंत चंदेल (25) की शिकायत पर पुलिस उपनिरीक्षक अमोल पाटील ने आरोपी कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

डोंगरगांव गुरुद्वारे के पास वाहन हादसा, चालक की मौत

उधर हिंगणा थाना क्षेत्र के डोंगरगांव गुरुद्वारे के पास हुए सड़क हादसे में आयशर वाहन चालक की मौत हो गई। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच अज्ञात चालक आयशर वाहन (एमएच-04 ईवाई-8610) लेकर नागपुर से वर्धा रोड की ओर जा रहा था। डोंगरगांव गुरुद्वारे के पास वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्राप्त मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर हिंगणा थाने की महिला पुलिस उपनिरीक्षक गायत्री चव्हाण ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।

Created On :   16 July 2026 7:24 PM IST

Tags

Next Story