- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 6 साल बाद पुलिस बंदोबस्त में ढहाई...
Nagpur News: 6 साल बाद पुलिस बंदोबस्त में ढहाई गई नागपुर की जर्जर इमारत

Nagpur News शहर के मंगलवारी जोन अंतर्गत प्रभाग-9 स्थित नई बस्ती में गुरुवार को छह वर्षों से विवादों में रही एक जर्जर इमारत को कड़े पुलिस बंदोबस्त के बीच ढहा दिया गया। कार्रवाई के दौरान इमारत में रह रहे किरायेदारों ने विरोध करते हुए मुख्य गेट पर ताला लगा दिया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में ताला तोड़कर भवन खाली कराया गया और इसके बाद मनपा के प्रवर्तन विभाग ने पूरी इमारत को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई का नेतृत्व मंगलवारी जोन के सहायक आयुक्त अशोक गराटे और प्रवर्तन विभाग के सहायक आयुक्त संजय कांबले ने किया। विरोध की आशंका को देखते हुए सदर पुलिस की महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों का पर्याप्त बंदोबस्त लगाया गया था।
मनपा अधिकारियों के अनुसार, स्थानीय नागरिक लंबे समय से इस जर्जर भवन को हटाने की मांग कर रहे थे। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री कार्यालय तक भी पहुंची थी। निरीक्षण के बाद 15 मई 2020 को इमारत को खतरनाक घोषित किया गया और भवन मालिक एम.एम. अली (निवासी बैरामजी टाउन) को नोटिस जारी किया गया था।
यह भी पढ़े -डेंटल कॉलेज में उत्कृष्ट पूर्व छात्रों और शिक्षकों का सम्मान, ओरल हेल्थ पर विशेषज्ञ व्याख्यान
इसके बाद 8 जून 2021 को महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम की धारा 264 के तहत 24 घंटे के भीतर भवन खाली करने का नोटिस भी दिया गया, लेकिन किरायेदारों के विरोध के कारण कार्रवाई लगातार टलती रही। आखिरकार गुरुवार को पुलिस सुरक्षा के बीच इमारत को ढहा दिया गया।
शहर में 1,472 जर्जर इमारतें चिन्हित : महानगरपालिका के अनुसार, शहर में 1,472 जर्जर, अवैध अथवा बिना अनुमति निर्मित इमारतें चिन्हित की गई हैं। इनमें 102 मामलों में राज्य सरकार के समक्ष अपील लंबित, 130 मामले न्यायालय में विचाराधीन, 116 इमारतें झोपड़पट्टी पुनर्विकास प्राधिकरण से संबंधित तथा 20 भवनों के संशोधित निर्माण प्रस्ताव लंबित हैं। इन प्रक्रियाओं के कारण कार्रवाई प्रभावित हो रही है। इसके बावजूद प्रशासन को अभी 1,039 जर्जर इमारतों पर कार्रवाई करनी है।
यह भी पढ़े -अमित शाह से मिले सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे, शिर्डी से संबंधित विभिन्न योजनाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा
Created On :   16 July 2026 3:57 PM IST











