Nagpur News: संजय राऊत का हमला-बोले- राम मंदिर कोष प्रकरण में गोविंद गिरी की भी हो जांच, फडणवीस को आंदोलन में आने का न्योता

संजय राऊत का हमला-बोले- राम मंदिर कोष प्रकरण में गोविंद गिरी की भी हो जांच, फडणवीस को आंदोलन में आने का न्योता
  • बोले- कोषाध्यक्ष की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है
  • एसआईटी रिपोर्ट में मामला आया है तो जवाबदेही तय होनी चाहिए

Nagpur News शिवसेना उद्धव गुट के प्रवक्ता संजय राऊत ने राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद गिरी महाराज को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि एसआईटी रिपोर्ट में राम मंदिर के कोष या चढ़ावे से जुड़ी अनियमितताओं का उल्लेख है तो गोविंद गिरी की भी जांच होनी चाहिए। गुरुवार को राऊत ने पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था में सबसे अधिक जिम्मेदारी कोषाध्यक्ष की होती है। पहरा रखना, चौकीदारी करना और हिसाब-किताब देखना उनकी जिम्मेदारी है। अगर कोई गड़बड़ी हुई है तो जवाबदेही तय होनी चाहिए।राऊत ने गोविंद गिरी के उस कथित बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें पुणे से ऑडिटर भेजने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र है और इतने बड़े संस्थान में जवाबदेही और पारदर्शिता सर्वोच्च होनी चाहिए।

फडणवीस को लिखा पत्र, रामरक्षा आंदोलन में बुलाया : राम मंदिर में कथित चोरी और चढ़ावे में अनियमितता के मुद्दे पर 18 जुलाई को नागपुर में प्रस्तावित रामरक्षा आंदोलन को लेकर राऊत ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी निमंत्रण भेजा है। उन्होंने कहा, "देवेंद्र फडणवीस रामभक्त हैं। उन्होंने कारसेवा करने की है। राम मंदिर में इतनी बड़ी घटना के बाद उन्हें भी दुख हुआ होगा। इसलिए हमने उन्हें पत्र लिखकर आंदोलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।"

परिसीमन पर एक पार्टी फैसला नहीं करेगी : एनसीपी (शरद पवार) नेता सुप्रिया सुले के परिसीमन और लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी संबंधी बयान पर राऊत ने कहा कि इस विषय पर फैसला किसी एक दल का नहीं होगा। अगर सरकार संशोधन लाती है और सभी राजनीतिक दलों से चर्चा करती है, तो उस पर विचार किया जा सकता है। लेकिन परिसीमन विधेयक पर कोई एक पार्टी फैसला नहीं करेगी।

शिंदे गुट और अमित शाह पर साधा निशाना : एकनाथ शिंदे गुट के नेताओं की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात पर भी राऊत ने हमला बोला। उन्होंने कहा कि "कानूनी औपचारिकताओं" की बात करना गलत है। उन्होंने अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि उनके मार्गदर्शन में यह सब हो रहा है तो यह गैरकानूनी तरीके से किया जा रहा है। राऊत ने दावा किया कि ऐसे मामलों में संबंधित सांसदों की सदस्यता नहीं बचेगी। राऊत से चर्चा के समय राकांपा नेता सलिल देशमुख व युवक आघाडी के प्रदेश कार्याध्यक्ष शैलेंद्र तिवारी भी उपस्थित थे।


Created On :   16 July 2026 4:07 PM IST

Tags

Next Story