ये कैसा काम !: 10 दिनों से दूषित जलापूर्ति, सीवेज चेंबर के ठेकेदार ने क्षतिग्रस्त की पाइपलाइन, 7 दिनों में मरम्मत करने की चेतावनी

10 दिनों से दूषित जलापूर्ति, सीवेज चेंबर के ठेकेदार ने क्षतिग्रस्त की पाइपलाइन, 7 दिनों में मरम्मत करने की चेतावनी
  • नगरसेवक रूपाली ठाकुर ने ओसीडब्ल्यू को 7 दिनों में मरम्मत करने की चेतावनी
  • नागरिकों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद सुन
  • ठेकेदार ने क्षतिग्रस्त की पाइपलाइन

Nagpur News. हनुमान नगर जोन अंतर्गत प्रभाग क्रमांक 32 के दुर्गा नगर परिसर में सीवेज लाइन बिछाने के दौरान जलापूर्ति पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है। करीब एक माह पहले मनपा के सार्वजनिक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा सीवेज लाइन बिछाने का कार्य कराया गया था। इस दौरान ठेकेदार की लापरवाही से जलापूर्ति पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते 400 से अधिक परिवार पिछले 10 दिनों से दूषित पेयजल मिलने की समस्या से जूझ रहे हैं।


नागरिकों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद ओसीडब्ल्यू ने समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की। शिकायत मिलने पर स्थानीय नगरसेवक एवं विद्युत तथा अग्निशमन समिति की सभापति रूपाली ठाकुर ने मौके का निरीक्षण किया और ओसीडब्ल्यू अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने सात दिनों के भीतर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कर नियमित एवं स्वच्छ जलापूर्ति सुनिश्चित करने का अल्टीमेटम दिया है।

प्रभाग 32 के वैरागड़े अस्पताल परिसर, दुर्गा नगर, मंगलधाम कॉलोनी और शिर्डी नगर क्षेत्र में कई दिनों से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। इसके साथ ही जलापूर्ति का दबाव भी काफी कम हो गया है। बताया गया कि सीवेज पाइपलाइन बिछाते समय ठेका एजेंसी ने पेयजल पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया था। आरोप है कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद इसकी सूचना जलप्रदाय विभाग या ओसीडब्ल्यू को देने के बजाय उसे साइकिल की ट्यूब से बांधकर छोड़ दिया गया। इससे सीवेज का दूषित पानी पेयजल लाइन में मिलकर लोगों के घरों तक पहुंचने लगा।

स्थानीय नागरिकों ने इसकी जानकारी नगरसेवक रूपाली ठाकुर को दी, जिसके बाद उन्होंने ओसीडब्ल्यू को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। हालांकि, अब तक पाइपलाइन की पूरी तरह मरम्मत नहीं होने से दूषित जलापूर्ति की समस्या बनी हुई है।


यह भी पढ़े -6 साल बाद पुलिस बंदोबस्त में ढहाई गई नागपुर की जर्जर इमारत

ओसीडब्ल्यू का दावा—मरम्मत कर दी गई

करीब 400 घरों में दूषित जलापूर्ति की शिकायत मिलने के बाद ओसीडब्ल्यू अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर खुदाई कर पाइपलाइन की जांच की। अधिकारियों का दावा है कि दुर्गा नगर क्षेत्र में सीवेज लाइन के ठेकेदार द्वारा क्षतिग्रस्त की गई पाइपलाइन की मरम्मत कर दी गई है। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति भी की जा रही है। हालांकि, स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद उन्हें अब तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है।

7 दिन में समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन

नगरसेवक रूपाली ठाकुर ने कहा कि गर्मी के मौसम में मरम्मत के नाम पर कई बार शटडाउन लेकर शहरवासियों को परेशान किया गया। अब बरसात में दूषित जलापूर्ति की जा रही है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। प्रभाग 32 के दुर्गा नगर सहित आसपास के लगभग 400 घर प्रभावित हैं। यदि सात दिनों के भीतर समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो ओसीडब्ल्यू के खिलाफ तीव्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।


Created On :   16 July 2026 6:10 PM IST

Tags

Next Story