निशाना: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता की सलाह - रामरक्षा आंदोलन से पहले संघ मुख्यालय जाकर माफी मांगें संजय राऊत

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता की सलाह - रामरक्षा आंदोलन से पहले संघ मुख्यालय जाकर माफी मांगें संजय राऊत
  • भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता का संजय राऊत पर तीखा हमला
  • फडणवीस के नेतृत्व में ही अगला चुनाव

Nagpur News. भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राऊत पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि रामरक्षा आंदोलन का निमंत्रण भाजपा नेताओं को देने से पहले उन्हें और उद्धव ठाकरे को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय जाकर हिंदुत्व से कथित तौर पर दूरी बनाने के लिए माफी मांगनी चाहिए। शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय से जारी बयान में बन ने कहा कि संजय राउत और उद्धव ठाकरे ने हिंदुत्व तथा बालासाहेब ठाकरे के विचारों से समझौता किया है। यदि दोनों नेता संघ मुख्यालय जाकर अपने आचरण के लिए क्षमा मांगते हैं, तभी राज्य की हिंदुत्ववादी जनता उन्हें स्वीकार करेगी और भाजपा भी रामरक्षा आंदोलन में शामिल होने पर विचार कर सकती है।

फडणवीस के नेतृत्व में ही अगला चुनाव

नवनाथ बने ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लेकर की गई टिप्पणियों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने फडणवीस को पांच वर्षों के लिए जनादेश दिया है और भाजपा वर्ष 2029 का विधानसभा चुनाव भी उनके नेतृत्व में ही लड़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि महाविकास आघाड़ी सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल में राज्य के विकास की गति प्रभावित हुई थी, इसलिए फिलहाल प्राथमिकता महाराष्ट्र को देश का अग्रणी राज्य बनाने की है।

ठाकरे बंधुओं के संभावित राजनीतिक समीकरणों पर टिप्पणी करते हुए बन ने कहा कि भाजपा और महायुति के बढ़ते प्रभाव के कारण उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के बीच निकटता बढ़ाने के प्रयास हो रहे हैं। यह प्रयास राजनीतिक भविष्य को मजबूत करने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं।

लद्दाख से जुड़े मुद्दों और छात्र हितों के संदर्भ में बन ने कहा कि केवल प्रतीकात्मक समर्थन देने के बजाय संबंधित नेताओं को दिल्ली जाकर आंदोलन करना चाहिए, ताकि उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जा सके। उन्होंने संजय राउत पर भी निशाना साधते हुए कहा कि लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के बजाय उन्हें जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

केंद्र और राज्य की राजनीति में संभावित बदलावों की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र में स्पष्ट बहुमत वाली स्थिर सरकार है और महाराष्ट्र में भी महायुति को मजबूत जनादेश प्राप्त है। विपक्ष जिन राजनीतिक बदलावों या "भूकंप" की उम्मीद कर रहा है, उसकी कोई संभावना नहीं है।

Created On :   17 July 2026 6:31 PM IST

Tags

Next Story