बावनकुले ने कहा - उद्धव ठाकरे का रामरक्षा पाठ दिखावा, राम के नाम पर वोट बैंक बनाने की कोशिश

बावनकुले ने कहा - उद्धव ठाकरे का रामरक्षा पाठ दिखावा, राम के नाम पर वोट बैंक बनाने की कोशिश
  • हिंदुत्व पर प्रश्न उठाने का अधिकार नहीं
  • बांस की खेती के लिए जमीन उपलब्ध कराई जाएगी

Nagpur News. महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने शिवसेना (उद्धव गुट) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर तीखा हमला बोलते हुए उनके रामरक्षा पाठ कार्यक्रम को “ढोंग” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनाधार कमजोर पड़ने के बाद उद्धव ठाकरे अब भगवान श्रीराम का नाम लेकर वोट बैंक तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं। शुक्रवार को नागपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में बावनकुले ने कहा कि भगवान श्रीराम उनके लिए राजनीति का नहीं, बल्कि आस्था, संस्कार और संस्कृति का विषय हैं। अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए निमंत्रण मिलने के बावजूद उद्धव ठाकरे वहां नहीं गए थे। अब जब उनका जनाधार घट रहा है, तब वे राम के नाम का सहारा लेकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं।

हिंदुत्व पर प्रश्न उठाने का अधिकार नहीं

देवेंद्र फडणवीस के हिंदुत्व पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए बावनकुले ने कहा कि उनके हिंदुत्व पर प्रश्न उठाने का अधिकार किसी को नहीं है। फडणवीस ने जीवनभर हिंदुत्व के संस्कारों को जिया है और बाबरी आंदोलन के दौरान कारसेवा में भी भाग लिया था। उन्होंने सवाल किया कि उस समय आलोचना करने वाले लोग कहां थे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के नेता जयंत पाटिल से हुई मुलाकात पर बावनकुले ने कहा कि राज्य के विकास के लिए राजनीतिक नेताओं के बीच संवाद होना जरूरी है। विपक्ष की ओर से यदि कोई सकारात्मक सुझाव आता है तो उस पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए, यही लोकतंत्र की जिम्मेदारी है।

बांस की खेती के लिए जमीन

राजस्व विभाग की आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि जल्द ही ‘राजमाता जिजाऊ महिला सशक्तिकरण योजना’ शुरू की जाएगी। इसके तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को ढाई एकड़ जमीन उपलब्ध कराई जाएगी, जहां बांस की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही खेतों तक जाने वाले मार्गों के दोनों ओर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का बड़ा अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में जल्द ही शासनादेश जारी किया जाएगा।

महायुति में मतभेद की चर्चाओं को खारिज करते हुए बावनकुले ने कहा कि गठबंधन के सभी दलों के बीच लगातार संवाद जारी है और मतभेद की खबरें केवल अफवाह हैं। उन्होंने दावा किया कि महायुति विकास के एजेंडे पर एकजुट होकर काम कर रही है।

Created On :   17 July 2026 7:38 PM IST

Tags

Next Story