ऐतराज: बैठक का दो घंटे तक ऑनलाइन लिंक नहीं मिलने पर तटकरे पर भड़के भास्कर जाधव

बैठक का दो घंटे तक ऑनलाइन लिंक नहीं मिलने पर तटकरे पर भड़के भास्कर जाधव
  • बोले क्या विधायक की कोई अहमियत नहीं, सुनाई खरी-खोटी
  • दो घंटे तक इंतजार करते रहे विधायक

Mumbai News. शिवसेना (उद्धव) के वरिष्ठ विधायक भास्कर जाधव एक बार फिर अपने आक्रामक तेवरों को लेकर चर्चा में हैं। अपने बेबाक अंदाज और तीखे बयानों के लिए पहचाने जाने वाले जाधव ने इस बार रत्नागिरी में आयोजित दिशा समिति और सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान प्रशासनिक लापरवाही पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने समय पर ऑनलाइन बैठक का लिंक न मिलने को लेकर जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और बैठक की अध्यक्षता कर रहे राकांपा (अजित) सांसद सुनील तटकरे के सामने भी अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की।

दो घंटे तक इंतजार करते रहे विधायक

जानकारी के अनुसार, रत्नागिरी-रायगड लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुनील तटकरे की अध्यक्षता में रत्नागिरी में दिशा समिति और सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई थी। यह बैठक ऑनलाइन माध्यम से भी आयोजित की गई थी, जिसमें जनप्रतिनिधियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होना था। बताया जा रहा है कि बैठक शुक्रवार दोपहर 12 बजे शुरू होनी थी, लेकिन विधायक भास्कर जाधव को बैठक में शामिल होने के लिए आवश्यक लिंक समय पर उपलब्ध नहीं कराया गया। जिससे वे करीब दो घंटे तक लिंक का इंतजार करते रहे, लेकिन उन्हें लिंक दोपहर लगभग दो बजे प्राप्त हुआ। तब तक दिशा समिति की बैठक समाप्त हो चुकी थी। इसके बाद जब सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शुरू हुई और भास्कर जाधव उसमें शामिल हुए, तो उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों पर जमकर नाराजगी जाहिर की।

क्या विधायकों की कोई अहमियत नहीं?

बैठक के दौरान भास्कर जाधव ने जिलाधिकारी से तीखे सवाल पूछते हुए कहा कि आखिर जनप्रतिनिधियों के साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्या आप लोग विधायकों को कुछ समझते ही नहीं हैं? बैठक है, इसकी सूचना देना और समय पर लिंक भेजना क्या प्रशासन का सामान्य शिष्टाचार भी नहीं है? आखिर यह कैसी कार्यप्रणाली है? जाधव ने केवल प्रशासनिक अधिकारियों तक ही अपनी नाराजगी सीमित नहीं रखी, बल्कि बैठक की अध्यक्षता कर रहे सांसद सुनील तटकरे के सामने भी इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि क्या विधायकों की कोई अहमियत नहीं है? समय पर हमें बैठक में शामिल होने का अवसर ही नहीं मिलेगा, तो समितियों की बैठकें आयोजित करने का उद्देश्य क्या है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।

Created On :   17 July 2026 9:42 PM IST

Tags

Next Story