- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- अब साथी पोर्टल पर ही होगी कृषि बीज...
Nagpur News: अब साथी पोर्टल पर ही होगी कृषि बीज की खरीदी - बिक्री, संचालकों का विरोध

- किसानों को प्रमाणित और उच्च गुणवत्ता के बीज की गारंटी
- कृषि केंद्र संचालकों का विरोध
Nagpur News. महाराष्ट्र में साथी पोर्टल पर कृषि बीज का खरीदी-बिक्री व्यवहार अनिवार्य किया गया है। बीज की बिक्री और वितरण का ऑनलाइन रिकॉर्ड रखने के लिए यह प्रणाली विकसित की गई है। यह पोर्टल किसानों को प्रमाणित और उच्च गुणवत्ता के बीज की गारंटी देता है।
बीज के बारे में पता कर सकेंगे : साथी पोर्टल ऐसी प्रणाली है, जिससे किसान बीज की आपूर्ति श्रृंखला जान सकते हैं। बीज की गुणवत्ता, प्रमाणिकरण, कहां से लाया गया है। बीज की अंकुरण क्षमता, अपेक्षित उत्पादन क्षमता आदि जानकारी पोर्टल से जानी जा सकती है।
धोखाधड़ी से बचाने की पहल किसानाें को धोखाधड़ी से बचाने के लिए सरकार ने यह पहल की है। बीज उत्पादक, डीलर और किसानों को पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। पोर्टल पर बीज की सूची उपलब्ध कराई गई है। उसमें गुणवत्ता, कीमत और उपलब्धता की विस्तृत जानकारी है। पोर्टल पर संपूर्ण जानकारी उपलब्ध होने से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उचित दाम में मिल सकेंगे। किल्लत की आड़ में किसान अतिरिक्त दाम वसूलने की धोखाधड़ी से बच सकेंगे।
कृषि केंद्र संचालकों का विरोध : कृषि विभाग का दावा है कि, साथी पोर्टल किसानों के हित में है, लेकिन कृषि केंद्र संचालक इसका विरोध कर रहे हैं। तर्क दिया जा रहा है कि, यह प्रणाली काफी जटिल है। बिना साथी पोर्टल के कोई भी बीज बेचने पर पाबंदी लगा दी गई है। साथी पोर्टल पर बीज उत्पादक कंपनी, वेरायटी, प्रमाणिकरण, लेबल, लॉट नंबर आदि छोटी-छोटी जानकारी भरना अनिवार्य किया गया है। बीज उत्पादन क्षेत्र में कार्पोरेट कंपनियों का प्रभुत्व बढ़ाकर छोटी कंपनियों को बंद कराने की सरकारी मंशा साफ झलक रही है।
साथी पोर्टल क्या है : साथी एक केंद्रीकृत पोर्टल है, जो बीज उत्पादन से लेकर बिक्री तक की पूरी प्रक्रिया को ट्रैक करता है। यह पोर्टल किसानों को बीज की गुणवत्ता और शुद्धता की जानकारी देता है और उन्हें नकली बीज से बचाता है। पोर्टल बीजों की पूरी ट्रेसेबिलिटी प्रदान करता है, जिससे किसान यह पता लगा सकते हैं कि, बीज कहां से आया है और उसकी गुणवत्ता कैसी है। किसान पंजीकृत डीलरों से साथी पोर्टल के माध्यम से बीज खरीद सकते हैं। साथ ही किसान बीज बैग पर मौजूद क्यूआर कोड को स्कैन करके बीज की पूरी ट्रेसेबिलिटी देख सकते हैं। किसान पोर्टल पर उपलब्ध बीजों की सूची देख सकते हैं और अपनी आवश्यकता अनुसार बीज चुन सकते हैं।
Created On :   5 May 2025 8:27 PM IST