- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- बछड़ा दबोचने आया तेंदुआ कैद, दाभा...
Nagpur News: बछड़ा दबोचने आया तेंदुआ कैद, दाभा में बढ़ा तेंदुए का आतंक घरों में दुबक रहे हैं लोग

- श्वान को उठा ले गया, शाम होते ही लोग घरों में दुबक रहे हैं
- दाभा में बढ़ा तेंदुए का आतंक
Nagpur News. मोहगांव झिल्पी में एक तेंदुए ने हड़कंप मचा रखा था। यह शातिर तेंदुआ रोज रात को चुपके से गोरक्षण शेड में घुसता था और वहां से बछड़ों को उठाकर ले जाता था। विधायक संदीप जोशी के गोरक्षण में भी इसी तेंदुए ने एक बछड़े को अपना शिकार बनाया था। यह सिलसिला लगातार चल रहा था, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी।
आखिरकार पिंजरे में फंस गया : वन विभाग ने तुरंत एक्शन लिया और तेंदुए को पकड़ने के लिए एक पिंजरा लगाया। यह तेंदुआ चालाकी से बच निकलता था, लेकिन इस बार वह फंस गया। शुक्रवार को इसे पिंजरे में कैद किया गया। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ने का फैसला किया। उसी दिन, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस तेंदुए को निसर्गमुक्त कर दिया गया।
मिशन में भाग लिया : मिशन का नेतृत्व कुंदन हाते (पूर्व सदस्य, राज्य वन्यजीव मंडल, महाराष्ट्र) और शीतल कर्नासे (वन परिक्षेत्र अधिकारी, हिंगना) ने किया। डॉ. विनिता व्यास (उपवनसंरक्षक) और यश काले (सहायक वनसंरक्षक) के मार्गदर्शन में यह ऑपरेशन पूरा हुआ। इस मिशन में ट्रांजिट ट्रीटमेंट सेंटर के डॉ. राजेश फुलसुंगे, वनपाल प्रशांत कोल्हे, वनरक्षक प्रतीक घाटे, सिद्धांत मोरे, प्रवीण मानकर, पशु पर्यवेक्षक, और बंडू मंगर, विलास मंगर, चेतन बारस्कर, स्वप्निल भुरे, आशीष महल्ले ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दाभा में बढ़ा तेंदुए का आतंक
उधर कुछ दिन से दाभा परिसर के वुडलैंड, साईं और संपत हाउसिंग सोसाइटी में तेंदुए की दहशत बनी है। इन इलाकों में रोजाना शाम 6 बजे के बाद तेंदुए की गतिविधि देखी जा रही है। तेेंदुए ने इस इलाकों के अनेक श्वानों को शिकार बनाया है। सीसीटीवी कैमरे में शिकार के फुटेज कैद हुए है। दहशत के कारण लोगों ने शाम 6 बजे के बाद घरों से निकलना बंद कर दिया है। इलाके में अजीब सा सन्नाटा पसरा रहता है।
तत्काल प्रकाश की व्यवस्था करें : वुडलैंड, साईं और संपत हाउस ओनर्स एसोसिएशन, दाभा के अध्यक्ष मनोहर बंड, वसंता पांचभाई व मोहित कनोजिया ने बताया कि शाम 6 बजे के बाद तेंदुआ कभी भी क्षेत्र में आ धमकता है। वनविभाग को सूचित किया गया, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। क्षेत्र में अंधेरा होने की वजह से तेंदुआ आसानी से श्वानों को शिकार बना रहा है। कोई भी नागरिक इसका निवाला बन सकता है। महावितरण और मनपा तुरंत यहां पहले तो बिजली के खंभे लगाकर प्रकाश की व्यवस्था करे। स्थानीय विधायक को भी अवगत कराया गया है। प्रशासन को तुरंत संज्ञान लेने की जरूरत है।
Created On :   17 Aug 2025 6:47 PM IST