- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर में यलो अलर्ट, राज्य में...
सावधान!: नागपुर में यलो अलर्ट, राज्य में भारी बारिश की चेतावनी, खरीफ फसलों की 98 प्रतिशत बुवाई

- हल्की बारिश से सड़कों पर जगह-जगह पानी जमा
- नागपुर में बारिश का यलो अलर्ट
- राज्य में 16 से 21 अगस्त 2025 के बीच भारी बारिश की चेतावनी
- खरीफ फसलों की 98 प्रतिशत बुवाई
Nagpur/ Mumbai News. शनिवार दोपहर बाद हुई हल्की बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। अगले दो दिनों के लिए जिले में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर गरज के साथ मध्यम बारिश होने की चेतावनी दी है। शनिवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के बाद कई जगह सड़कों पर पानी भर गया और खुदाई वाली जगहों पर कीचड़ जमा हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के पास बने कम दबाव के क्षेत्र का असर विदर्भ के अधिकांश जिलों पर दिखाई देगा। इसका ज्यादा असर पश्चिम विदर्भ में होगा। शनिवार को आसमान में बादल छाए रहे, बीच-बीच में धूप भी निकली। दोपहर बाद हुई बारिश से उमस से राहत मिली। अगले दो दिन तक जिले में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। रविवार को भी आसमान में बादल छाए रहने और तापमान में कमी आने के आसार हैं।
राज्य में 16 से 21 अगस्त 2025 के बीच भारी बारिश की चेतावनी
क्षेत्रीय मौसम विभाग से मिली जानकारी के आधार पर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने 21 अगस्त के बीच अगले कुछ दिनों में राज्य में गरज के साथ भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की है। कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्र में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही समुद्र में उथल-पुथल की स्थिति को देखते हुए मछुआरों से इस दौरान समुद्र में जाने से बचने की अपील की गई है। लोगों को आपदाओं से सावधान रखने के लिए सचेत ऐप के ज़रिए अलर्ट संदेश भेजे जा रहे हैं। आपदा के संबंध में, प्रशासन ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल को आपातकालीन स्थितियों के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मंत्रालय स्तर पर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र 24x7 कार्यरत है। मंत्रालय नियंत्रण कक्ष से फ़ोन नंबर 022-22027990 या 022-22794229 या 022-22023039 और मोबाइल नंबर 9321587143 पर संपर्क किया जा सकता है।
खरीफ फसलों की 98 प्रतिशत बुवाई
प्रदेश में इस खरीफ सीजन में गन्ने की फसलों के साथ 141.95 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई पूरी हुई है। राज्य भर में 98 प्रतिशत बुवाई हुई है। राज्य में खरीफ फसलों का बुवाई क्षेत्र औसतन 157.48 लाख हेक्टेयर है। प्रदेश के कृषि विभाग की ओर से यह जानकारी मिली है। अगस्त महीने में अतिवृष्टि और तूफान के कारण 2764 हेक्टेयर क्षेत्र की फसलों का नुकसान हुआ है। राज्य केवल इस साल केवल नंदूबार जिले में औसत की तुलना में 50 प्रतिशत से कम बारिश हुई है।
Created On :   16 Aug 2025 10:34 PM IST