- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी में...
Nagpur News: प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी में विदर्भ से ओबीसी नेताओं को मिलेगा अधिक स्थान

- महासचिव व सचिव की रहेगी भरमार
- विदर्भ से ओबीसी नेताओं को मिलेगा अधिक स्थान
- नागपुर जिप की पूर्व महिला पदाधिकारियों की बढ़ेगी जिम्मेदारी
Nagpur News. कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी जल्द ही घोषित की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर लिया है। इस कार्यकारिणी में सर्वाधिक पद विदर्भ के प्रतिनिधियों को मिल सकता है। उसमें भी ओबीसी नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। कार्यकारिणी में महासचिव व सचिव की भरमार रहेगी। स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारी के तहत कार्यकारिणी में सामाजिक प्रतिनिधित्व को अधिक महत्व दिया जा रहा है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार पार्टी में यह माना गया है कि विदर्भ से ही जीत की ओर कदम बढ़ाया जा सकता है। पहले भी विदर्भ में कांग्रेस बड़ी जीत पाती रही है। 2024 के लोकसभा चुनाव में पहले चरण में विदर्भ में मतदान हुआ। उस समय कांग्रेस मजबूत स्थिति में पहुंची। विदर्भ में लोकसभा की 10 में से केवल 2 सीट पर भाजपा जीत पायी थी। उस चुनाव में विदर्भ में सत्ता विरोधी वातावरण को देखते हुए भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर चुनाव रणनीति बदलनी पड़ी थी। विविध प्रयासों के बाद भी राज्य में भाजपा पराजित हो गई। हालांकि विधानसभा चुनाव में वह स्थिति नहीं रही। फिर भी ओबीसी के विषय को लेकर कांग्रेस विदर्भ में अच्छी स्थिति पा सकती है। दावा किया जा रहा है कि ओबीसी वर्सेस मराठा की राजनीति होने पर विदर्भ में कांग्रेस का सर्वाधिक लाभ मिलेगा। विदर्भ में ओबीसी मतदाता की संख्या अधिक है। पूर्वी विदर्भ में नागपुर विभाग के 6 जिले आते है। पश्चिम विदर्भ में अमरावती विभाग के जिले आते हैं। हर्षवर्धन सपकाल, नाना पटोले, विजय वडेट्टीवार, प्रतिभा धानोरकर सहित अन्य नेताओं के माध्यम से ओबीसी की राजनीति को ताकत दी जाएगी। दावा यह भी किया जा रहा है कि कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी में 40 प्रतिशत पदाधिकारी विदर्भ से रह सकते हैं। जो प्रस्ताव तैयार किया गया है उसके अनुसार कार्यकारिणी में 280 सदस्य होंगे।
नागपुर जिप की पूर्व महिला पदाधिकारियों की बढ़ेगी जिम्मेदारी
कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी में नागपुर जिले से 7 से 8 प्रमुख पदाधिकारी रहेंगे। इनमें जिला ग्रामीण के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अधिक स्थान दिया जाएगा। नागपुर जिला परिषद में महत्वपूर्ण पदों पर रही महिला कार्यकर्ताओं को संगठन मामले में प्रदेश स्तर पर विशेष जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। संगठन में महासचिव व सचिव पद पर 100 से अधिक नियुक्तियां की जाएगी। महासचिवों को विभागवार जिम्मेदारी दी जाएगी। नाना पटोले के अध्यक्ष कार्यकाल में नागपुर में कांग्रेस के सर्वाधिक महासचिव हुए। इस बार नए कार्यकर्ताओं काे स्थान दिया जा सकता है।
Created On :   24 July 2025 1:42 PM IST