Nagpur News: पुलिस विभाग के बारे में ज्ञान और बौद्धिक क्षमता का होगा परीक्षण

पुलिस विभाग के बारे में ज्ञान और बौद्धिक क्षमता का होगा परीक्षण
देशभर से पुलिस बल की टीमें स्पर्धा में होंगी शामिल

Nagpur News पुलिस विभाग के बारे में अधिकारियों और कर्मचारियों की बौद्धिक क्षमता का परीक्षण किया जाता है। उनके ज्ञान को निरंतर बढ़ाने के लिए पुलिस बल में विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। इसी अंतर्गत 24 से 29 नवंबर के बीच नागपुर में 69वीं अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट का आयोजन होने जा रहा है। यह जानकारी पुलिस महानिदेशक रश्मि शुक्ला ने सिविल लाइंस नागपुर स्थित पुलिस भवन में अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में दी है। इस मीट में देशभर से पुलिस बल की टीमें हिस्सा लेंगी।

इस तरह की होंगी परीक्षाएं : प्रतियोगिता में मौखिक, लिखित और व्यावहारिक परीक्षाएं होंगी। इसके माध्यम से पुलिस बलों के अन्वेषण कौशल, तकनीकी ज्ञान, अनुशासन, टीम वर्क और तनावपूर्ण परिस्थितियों में काम करने की क्षमता को बढ़ाया जाएगा। स्पर्धा में वैज्ञानिक जांच तकनीक, साइबर जांच, कंप्यूटर साक्षरता, फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी, श्वान दस्ता, बम निरोधक दस्ता प्रदर्शन, कमांडो प्रतियोगिता, निशानेबाजी और पुलिस बैंड शामिल रहेंगे। इसके माध्यम से संबंधित अधिकारियों के पुलिस विभाग के ज्ञान का परीक्षण किया जाता है।

कोई अपराधी नहीं बच सकता : अपराधी चाहे कितना भी चालाक क्यों न हो, वह घटनास्थल पर कम से कम एक सबूत अवश्य छोड़ता है और कम से कम एक बार घटनास्थल पर अवश्य लौटता है। यदि पुलिस सही समय पर घटनास्थल पर उचित जांच करे और आवश्यक सबूत एकत्रित करे, तो कोई भी अपराधी बच नहीं पाएगा। घटनास्थल से नमूने एकत्र करते समय, उंगलियों के निशान लेते समय क्या सावधानी बरतनी चाहिए, अपराध को सुलझाने के लिए किन कौशलों का उपयोग करना चाहिए, अपराध को कब तक सुलझाया जा सकता है, पुलिस को अक्सर गुमराह किया जाता है, आरोपी परिवार का ही होता है, आरोपी पुलिस को राह दिखाता है, ऐसे में जांच अधिकारी का परीक्षण किया जाता है। ऐसी स्थिति से कैसे निपटना है, इसके लिए क्या ज्ञान आवश्यक है, इसका परीक्षण यहां किया जाता है।

शामिल हुए अधिकारी : बैठक में राज्य पुलिस महानिदेशक रश्मि शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) सुनील रामानंद, पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र कुमार सिंगल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर, शुक्ला ने पुलिस मुख्यालय और हिंगना मैदान का दौरा किया। उन्होंने सभा की चल रही तैयारियों का जायजा लिया। प्रतियोगिता के आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।

Created On :   26 Sept 2025 2:32 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story