Nagpur News: 1 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी मामले में विधवा महिला और बेटे को लगाया चूना

1 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी मामले में विधवा महिला और बेटे को लगाया चूना
परिवार के तीन सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज

Nagpur News. निवेश के नाम पर एक परिवार के तीन सदस्यों ने विधवा महिला और उसके बेटे से 1 करोड़ 10 लाख 90 हजार रुपए की धोखाधड़ी की। आरोपियों ने निवेश की रकम म्यूचुअल फंड में लगाने के बजाय अपने व्यक्तिगत खातों में जमा कर ली। महल निवासी वर्षा ठाकरे (39) के पति का कुछ समय पहले निधन हो गया था। पति की पॉलिसी से नॉमिनी के रूप में वर्षा और उसके बेटे को कुल 1.10 करोड़ रुपए मिले। इसी बात की जानकारी राम जगजीवनदास वसानी, सेजल राम वसानी (43) और नरेश वसानी (54) को हुई। वे वर्षा के घर आए और उसे म्यूचुअल फंड में निवेश करने की सलाह दी। उन्होंने बड़े लाभ का लालच देकर वर्षा को रकम उनके हवाले करने के लिए राजी कर लिया।

वर्षा ने पॉलिसी की पूरी रकम आरोपियों को दे दी। लेकिन निवेश करने के बजाय तीनों आरोपियों ने रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर ली। यह घटना 17 सितंबर 2025 की है। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने लौटाने से इंकार कर दिया, जिससे विवाद खड़ा हो गया।

मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर राम वसानी, सेजल वसानी और नरेश वसानी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है।

Created On :   25 Sept 2025 8:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story