- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- रघुजी भोसले की तलवार 18 को पहुंचेगी...
Nagpur News: रघुजी भोसले की तलवार 18 को पहुंचेगी मुंबई, लंदन से नीलामी में हासिल की धरोहर

- अंग्रेजों ने लूटी थी तलवार
- तलवार का है ऐतिहासिक महत्व
Nagpur News. भोसले घराने के संस्थापक रघुजी भोसले की तलवार 18 अगस्त को लंदन से मुंबई लाई जाएगी। इसे नीलामी में खरीद लिया गया है। रघुजी भोसले प्रथम (1695 से 14 फरवरी 1755) छत्रपति शाहू महाराज के समय में मराठा सेना के एक महत्वपूर्ण सरदार थे। मुंबई कार्यालय के अनुसार, राज्य के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने लंदन में इस तलवार को हासिल किया है। इस मौके पर राज्य सरकार के पुरातत्व विभाग के उपनिदेशक हेमंत दलवी मौजूद थे। शेलार ने कहा कि इस प्रकार से विदेश में गई ऐतिहासिक वस्तु नीलामी में खरीदकर वापस हासिल करने का यह पहला मौका है। तलवार आने के बाद शेलार की मौजूदगी में छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय मुंबई हवाई अड्डे से बाइक रैली निकाली जाएगी। फिर इस तलवार को दादर स्थित पीएल देशपांडे कला अकादमी में लाया जाएगा। इसके बाद कला अकादमी में गड गर्जना कार्यक्रम आयोजित होगा।
अंग्रेजों ने लूटी थी तलवार
1817 में नागपुर के सीताबर्डी में ईस्ट इंडिया कंपनी के साथ लड़ाई हुई थी। इस लड़ाई में ईस्ट इंडिया कंपनी को जीत मिली थी। विजय के बाद ईस्ट इंडिया कंपनी ने रघुजी भोसले का खजाना लूट लिया था। इसमें कई मूल्यवान वस्तु, गहने और हथियारों का समावेश था। जानकारों का मानना है कि रघुजी भोसले की तलवार युद्ध के बाद लूट अथवा ब्रिटिशों को दी गई भेंट में देश के बाहर गई थी।
तलवार का है ऐतिहासिक महत्व
रघुजी भोसले की तलवार मराठा शैली की ‘फिरंग’ पद्धति का उत्कृष्ट नमूना है। रघुजी भोसले ने 1745 और 1755 में बंगाल के नवाब के खिलाफ युद्ध का नेतृत्व किया था। उन्होंने मराठा साम्राज्य का बंगाल, ओडिशा तक विस्तार किया। उन्होंने चांदा, छत्तीसगढ़, संबलपुर प्रदेश में भी वर्चस्व स्थापित किया। दक्षिण भारत के कुडप्पा के नवाब, कर्नुल के नवाब को हराकर दक्षिण भारत में दबदबा कायम किया था।
Created On :   12 Aug 2025 5:35 PM IST