Nagpur News: वायरल वीडियो से हड़कंप - मृत पत्नी का शव बाइक पर बांधकर कोराडी पहुंचा पति

वायरल वीडियो से हड़कंप  - मृत पत्नी का शव बाइक पर बांधकर कोराडी पहुंचा पति
  • हिरासत में 4 संदिग्ध ट्रक चालक
  • पुलिस ने वीडियो बना लिया
  • रक्षाबंधन पर सिवनी जा रहे थे

Nagpur News. देवलापार थानांर्तगत मोरफाटा के पास मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत के बाद पति एम्बुलेंस न मिलने पर शव को दोपहिया वाहन की पिछली सीट पर बांधकर कोराडी, नागपुर लौट रहा था। दिल को झकझोर देने वाले इस दृश्य को जिसने भी देखा, उसका कलेजा कांप गया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात महामार्ग पुलिस सुरक्षा के दस्ते ने उसका वीडियो बना लिया, ताकि पता चल सके कि, वह कौन है। यह वीडियो वायरल होने पर पता चला कि, मृतक महिला ग्यारसी यादव, सिवनी मध्यप्रदेश निवासी है। उसे दोपहिया वाहन पर बांधकर कोराडी की ओर ले जाने वाला व्यक्ति उसका पति अमित यादव है। देवलापार पुलिस ने इस मामले में अब दोपहिया वाहन को टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन चालक पर विविध धाराओं में मामला दर्ज किया है। इस प्रकरण में देवलापार पुलिस ने सोमवार को 4 संदिग्ध आयशर चालकों को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ कर रही है।

पुलिस को दिया चकमा

मृतका के पति अमित ने पुलिस को बताया कि, घटना के बाद से कुछ समझ में नहीं आ रहा था, इसलिए वह पत्नी के शव को इस तरह दोपहिया वाहन पर लेकर निकल पड़ा था। उसे पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन वह कहीं भी नहीं रुका। उसके लिए पारशिवनी और खापरखेडा में नाकाबंदी की गई, लेकिन वह मृतक पत्नी को अपने घर कोराडी लेकर पहुंच गया था। कोराडी पुलिस उसके घर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर मेयो अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए ले गई। देवलापार पुलिस उस वाहन चालक की तलाश में जुटी है, जो ग्यारसी यादव की जान लेकर फरार हो गया।

रक्षाबंधन पर सिवनी जा रहे थे

कोराडी में वार्ड नं.-2 लाेनारा गुमथी निवासी अमित भूरा यादव ने पुलिस को बताया कि, वह रक्षाबंधन के लिए दोपहिया पर पत्नी पत्नी ग्यारसी को लेकर अपने गांव सिवनी जिले के करनपुर लखनादाैन, मध्यप्रदेश जा रहा था। देवलापार में मोरफाटा दरगाह के पास नागपुर-जबलपुर मार्ग पर उसके दोपहिया को अज्ञात आयशर ट्रक ने कट मारा, जिससे उसकी दोपहिया फिसल गई। पत्नी नीचे गिर पड़ी और पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन चालक ने उसे कुचल दिया। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अमित घबरा गया और वह इस बारे में पुलिस या एम्बुलेंस को जानकारी नहीं दे पाया। पत्नी के शव को दोपहिया पर बांधकर उसे सिवनी ले जाने के बजाय वापस कोराडी लौट आया।

पुलिस ने वीडियो बना लिया

उधर घटना की जानकारी मिलने पर देवलापार पुलिस मौके पर पहुंची, तो वह शव लेकर निकल चुका था। देवलापार पुलिस ने खुमारी टोल नाके के महामार्ग सुरक्षा पुलिस दस्ते, आमडी में तैनात पुलिस स्टाफ को जानकारी दी। यहां पुलिस ने दोपहिया सवार अमित को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह हाइवे से निकल गया। आमडी पुलिस ने पुलिस नियंत्रण कक्ष नागपुर ग्रामीण को सूचित किया और दोपहिया वाहन का पीछा किया गया। अमित को बार-बार रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने वाहन नहीं रोका। उधर महामार्ग सुरक्षा दस्ते ने उसका वीडियो बना लिया। वह आमडी फाटा मार्ग से पारशिवनी की ओर निकला, तो पारशिवनी पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने आमडी फाटा-शिवाजी चौक, पारशिवनी तक नाकाबंदी लगा दी, लेकिन अमित पारशिवनी की ओर न जाते हुए अन्य मार्ग से कोराडी अपने घर पहुंच गया।

वाहन एप से निकाला पता

पुलिस ने वाहन एप से दोपहिया वाहन मालिक का पता व मोबाइल नंबर प्राप्त किया। तब पता चला कि, वह दोपहिया वाहन ‘अमित भूरा यादव, वार्ड नं. 2 घर क्र.-310 लोणारा गुमथी, कोराडी निवासी के नाम पर है। इसके बाद खापरखेड़ा व कोराडी पुलिस को जानकारी दी गई। वाहन मालिक से संपर्क कर घटना के बारे में जानकारी हासिल की गई, तो अमित ने घटना का पूरा विवरण पुलिस को बताया। कोराडी पुलिस ने मामला देवलापार पुलिस के हवाले कर दिया है। अमित यादव की शिकायत पर देवलापार पुलिस ने धारा बीएनएस की धारा 281,106 (1), सहधारा 134,184 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Created On :   12 Aug 2025 7:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story