- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- सगाई में नहीं आ पाई, भाई की शादी का...
Nagpur News: सगाई में नहीं आ पाई, भाई की शादी का इंतजार कर रही थी यशा

- तीन महीने पहले आखिरी बार सबसे मिलकर खुशियां बांटी थी
- चार साल पहले यशा की लंदन निवासी व्यवसायी किशन मोढ़ा से शादी हुई थी
Nagpur News "भाई सगाई में नहीं आयी तो नाराज मत होना, तेरी शादी में तो रहूंगी ना। तेरी शादी का इंतजार कर रही हूं।' ऐसा, यशा अपने छोटे भाई व माता-पिता से बार-बार कहती थी। लेकिन,नागपुर की बेटी यशा का यह वादा अधूरा ही रह गया। गुरुवार को अहमदाबाद विमान हादसे में शहर के क्वेटा कालोनी निवासी मनीष कामदार की बेटी यशा मोढ़ा (30 वर्ष ), उसका बेटा रुद्र (2 वर्ष ) और सास रक्षा मोढ़ा की दर्दनाक मौत हो गयी। घटना की जानकारी मिलते ही यशा के पिता मनीष कामदार पत्नी मीना, बेटे कशिश व परिवार के अन्य 12 सदस्यों के साथ सड़क मार्ग से अहमदाबाद के लिए रवाना हुए है। कामदार परिवार में मातम का माहौल है।
ससुर की तबीयत खराब थी इसलिए नहीं आ पाई सगाई में : चार साल पहले यशा की लंदन निवासी व्यवसायी किशन मोढ़ा से शादी हुई थी। यशा ने जर्मनी में मास्टर्स इन मैथेमैटिक्स की शिक्षा प्राप्त की थी। शादी के दो साल तक लंदन में ही रहे। बाद में स्वदेश आ गए। यशा, किशन और बेटा रुद्र अहमदाबाद में रहते थे। जबकि यशा के ससुर पोरबंदर में रहते थे। दो महीने पहले यशा के भाई कशिश की सगाई हुई थी। उस समय यशा के ससुर की तबीयत अधिक खराब होने से वह सगाई में नहीं आ पायी। बाद में यशा के ससुर की मृत्यु हो गयी थे और उसका नागपुर आना टल गया।रुद्र के दस्तावेज के लिए जा रहे थे लंदन : सगाई में नहीं आने का दुख यशा को था। वह बार-बार भाई व माता-पिता को मोबाइल पर बातचीत के दौरान कहा करती थी कि सगाई में नहीं आई तो क्या, शादी में तो रहूंगी ना। कहा करती थी कि शादी का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं। यशा के भाई कशिश की सितंबर में शादी है। यशा आखिरी बार तीन महीने पहले नागपुर आई थी। उस समय सबसे मिलकर खुशियां बांटकर गयी थी। गुरुवार को यशा, उसकी सास रक्षा और बेटा रुद्र अहमदाबाद से लंदन जा रहे थे। वहां उन्हें रुद्र के लीगल दस्तावेज बनवाने थे, किन्तु विमान हादसे में तीनों की मौत हो गयी।
स्कूली पढ़ाई नागपुर में : यशा का बचपन नागपुर में ही बीता था। उसकी स्कूली शिक्षा भी संतरा नगरी में हुई थी। उसकी मौत की खबर सुनकर परिजनों के साथ यशा के दोस्त भी दु:खी हैं।
Created On :   13 Jun 2025 11:36 AM IST