Nagpur News: स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में पुलिस के छूट रहे पसीने

स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में पुलिस के छूट रहे पसीने
अचानक अवधि बढ़ने से नियोजन गड़बड़ाया

Nagpur News नगर परिषद और नगर पंचायत के लिए मतदान हो गया। अदालत के आदेश पर 4 स्थानीय निकाय में 9 नगरसेवक पद के लिए 20 दिसंबर को मतदान होगा। जब तक सभी सीटों की मतदान प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक जहां मतदान हो चुका है, वहां के नतीजे घोषित करने पर अदालत ने रोक लगा दी है। चुनाव के एक दिन पहले अचानक अदालत का फैसला आने पर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में पुलिस के पसीने छूट रहे हैं। पूर्व निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार मतदान के दूसरे दिन 3 दिसंबर को मतगणना होनी थी। अचानक मतगणना अवधि बढ़ा दिए जाने से 18 िदन तक स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस पर आ गई है।

27 स्ट्रांग रुम पर नजर : स्ट्रांग रूम की एक दिन निगरानी के हिसाब से पुलिस ने नियोजन किया था। अचानक मतगणना की अवधि बढ़ जाने पर पुलिस का स्ट्रांग रूम की सुरक्षा का नियोजन गड़बड़ा गया। अब 20 दिन पुलिस को कड़ी सुरक्षा करनी पड़ेगी। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा संवेदनशील विषय है। जिले की 27 स्थानीय निकाय के स्थानीय स्तर पर स्ट्रांग रूम है। पुलिस पर सुरक्षा का दबाव बढ़ने पर ऐन वक्त पर अतिरिक्त पुलिस बल मंगवाए जाने की सूत्रों ने जानकारी दी।

पुलिस महकमे पर दोहरा दबाव : विधानमंडल का 8 दिसंबर से नागपुर में शीतसत्र शुरू हो रहा है। 14 दिसंबर तक शीतसत्र का कामकाज चलेगा। सरकार शहर में रहेगी, तो पुलिस पर सुरक्षा का दबाव रहेगा। इस बीच स्थानीय निकाय चुनाव की मतगणना अवधि बढ़ जाने से स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जिम्मेदारी है। एक ही समय दोनों तरफ सुरक्षा की जिम्मेदारी आ जाने से पुलिस महकमे पर दोहरा दबाव है।


Created On :   4 Dec 2025 12:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story