- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- बंगलुरु के लिए दो नई उड़ानें, 1...
Nagpur News: बंगलुरु के लिए दो नई उड़ानें, 1 दिसंबर से एयर इंडिया एक्स. विमान सेवा शुरू, उड़ानों की लेटलतीफी भी जारी

- उड़ानों की लेटलतीफी जारी
- दिल्ली, पुणे से अबु धाबी के लिए उड़ानें
- रात में 2 से 3 घंटा लेट रहे विमान
Nagpur News. एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा नागपुर से बंगलुरु के बीच 1 दिसंबर से रोज दो उड़ानें शुरू की जा रही हैं। इससे बंगलुरु जाने वाले यात्रियों को इंडिगो एयरलाइंस के अलावा एक और विकल्प मिलेगा। नागपुर से बंगलुरु जाने वालों की संख्या को देखते हुए एयरलाइंस ने इस मार्ग पर विमान सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से वर्तमान में बंगलुरु के लिए इंडिगो एयरलाइंस की विमान सेवा है, जो रोजाना संचालित होती है। इस सेवा को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। बंगलुरु जाने वालों और वहां से नागपुर आने वालों की संख्या काफी है। यात्रियों का नियमित आवागमन देखते हुए एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 1 दिसंबर से यह विमान सेवा शुरू करने का फैसला किया है।
सेवा का विस्तार
एयरलाइंस द्वारा पत्रक जारी कर इसकी घोषणा की गई है। इसके अनुसार, बंगलुरु से नागपुर के लिए रोजाना सुबह 7:25 और शाम 6:30 बजे उड़ान भरेगी। वहीं, नागपुर से बंगलुरु के लिए रोजाना सुबह 10:00 और रात 9:05 बजे उड़ान भरेगी। नागपुर को शामिल करने से महाराष्ट्र में एयर इंडिया एक्सप्रेस का विस्तार हुआ है। वर्तमान में एयरलाइंस मुंबई से साप्ताहिक 130 से अधिक और पुणे से 90 से अधिक उड़ानें संचालित करती है। जल्द ही नवी मुंबई से बंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद और कोलकाता जैसे मार्गों पर विमान सेवा शुरू होने वाली है। बंगलुरु से हाल ही में अहमदाबाद, चंडीगढ़, देहरादून, जोधपुर और उदयपुर के लिए विमान सेवा शुरू हुई है। उसके बाद अब नागपुर को भी जोड़ा गया है। बंगलुरु एयर इंडिया एक्सप्रेस के तेजी से बढ़ते नेटवर्क में एक महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। यहां से साप्ताहिक 530 से अधिक उड़ानें संचालित होती हैं।
दिल्ली, पुणे से अबु धाबी के लिए उड़ानें
कुछ दिन पहले ही एयरलाइंस कंपनियों का विंटर शेड्युल लागू हुआ है। इसी बीच एयर इंडिया एक्सप्रेस 2 दिसंबर से दिल्ली और पुणे से अबु धाबी के लिए विमान सेवा शुरू करने वाली है। वर्तमान में बंगलुरु से बैंकॉक, जेद्दाह, कुवैत और रियाद जैसे शहरों के लिए सीधी उड़ानें संचालित हो रही हैं। दिल्ली से एयर इंडिया एक्सप्रेस 25 घरेलू शहरों के साथ-साथ यूएई के अबु धाबी और शारजाह तथा ओमान के मस्कट को जोड़ती है और साप्ताहिक 400 से अधिक उड़ानें संचालित करती है।
उड़ानों की लेटलतीफी जारी
उधर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम की तकनीकी खराबी के कारण नागपुर आने वाले कई विमानों ने देरी से उड़ान भरी। विमानों की लेटलतीफी शनिवार को भी जारी रही। इससे दिल्ली से नागपुर आनेवाली 3 डायरेक्ट उड़ाने अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से पहुंची। आने वाली उड़ानों में देरी के कारण यहां से वापस जानेवाली उड़ानों के परिचालन में भी देरी हुई। इसका असर दिल्ली के साथ ही देश के अन्य एयरपोर्ट के परिचालन पर भी दिखा। शनिवार को शाम 4 बजे दिल्ली से नागपुर आनेवाली उड़ान 6ई6696 अपने निर्धारित समय से 1 घंटा 20 मिनट देरी से पहुंची। उसी प्रकार मुंबई से आने वाली उड़ान 6ई 6235 ने अपने निर्धरित समय 4:35 से 1 घंटा देरी से 5:36 बजे उड़ान भरी। इंदौर-नागपुर विमान 6ई 7037 शनिवार को 36 मिनट देरी से पहुंचा।
रात में 2 से 3 घंटा लेट रहे विमान
दिल्ली और मुंबई से शनिवार देर रात नागपुर आनेवाली उड़ानें भी 1 से 2 घंटा देरी से पहुंची। खबर लिखे जाने तक दिल्ली-नागपुर 6ई 6529 उड़ान 2 घंटा 10 मिनट लेट िदखा रहा था। उसी प्रकार रात 9:15 वाली इंडिगो की उड़ान 6530 के आने में भी 1 घंटा देरी हुई। मुंबई से नागपुर आने वाली उड़ान 6ई 686 का परिचालन समय निर्धारित समय से 1 घंटा देरी से दिखा रहा था।
यात्रियों में नाराजगी
दिल्ली एयरपोर्ट से दूसरे दिन भी परिचालन सामान्य न होने पर यात्रियों में खासी नाराजगी देखी जा रहा है। दिल्ली से नागपुर आने वाला विमान वापस दिल्ली या अन्य गंतव्य पर जाता है। लेकिन देरी के कारण विमान अन्य गंतव्य पर भी देरी से पहुंच रहे हैं।
Created On :   9 Nov 2025 6:49 PM IST












