Nagpur News: वडेट्टीवार समर्थक नगरसेवकों ने अब हाईकोर्ट में लगाई गुहार

वडेट्टीवार समर्थक नगरसेवकों ने अब हाईकोर्ट में लगाई गुहार
विभागीय आयुक्त के खिलाफ शिकायत

Nagpur News कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार के समर्थक नगरसेवकों ने विभागीय आयुक्त के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर खंडपीठ में याचिका दायर की है। कांग्रेस नगरसेवक सचिन कट्याल, वनश्री मेश्राम सहित निर्दलीय नगरसेवक को मिलाकर कुल 18 नगरसेवक इस याचिका में याचिकाकर्ता हैं।

प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चंद्रपुर महानगरपालिका चुनाव में निर्वाचित 18 नगरसेवकों ने विभागीय आयुक्त के समक्ष अपने गुट की पंजीयन प्रक्रिया पूरी की है। इसके बावजूद उन्हें मतदान के लिए आवश्यक फॉर्म क्रमांक तीन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। साथ ही, निर्वाचित होने का प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने की मांग किए जाने का भी आरोप याचिका में लगाया गया है।

गुट को मान्यता देने की मांग : उल्लेखनीय है कि चंद्रपुर महानगरपालिका चुनाव में कांग्रेस के कुल 27 नगरसेवक निर्वाचित हुए हैं। सांसद प्रतिभा धानोरकर ने अपने समर्थक 13 नगरसेवकों का गुट पहले ही पंजीकृत कर गुटनेता का नाम भी तय कर दिया है। इसके बाद विजय वडेट्टीवार के 18 समर्थक नगरसेवकों ने मंगलवार को गुट पंजीयन कराया। विजय वडेट्टीवार ने दावा किया है कि उनके गुट के पास सबसे अधिक नगरसेवक हैं और वही वास्तविक गुट है, इसलिए गुटनेता भी उनके गुट से ही होना चाहिए। उन्होंने विभागीय आयुक्त से अपने गुट को मान्यता देने की मांग की है। आरोप है कि इस प्रक्रिया में आयुक्त द्वारा सहयोग नहीं किया जा रहा, जिसके विरोध में वडेट्टीवार समर्थक नगरसेवकों ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है।

Created On :   5 Feb 2026 1:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story