- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- अस्पताल की टंकी में गिरने से युवक...
दर्दनाक हादसा: अस्पताल की टंकी में गिरने से युवक की मौत, शरीर पर आई गंभीर चोटें - इलाज के लिए भर्ती मित्र को देखने गया था

- निजी अस्पताल में भर्ती मित्र को देखने गए युवक की मौत
- घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया
Nagpur News. रामदासपेठ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती मित्र को देखने गया युवक खुद हादसे का शिकार हो गया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। आरोप-प्रत्यारोप के बीच बजाज नगर थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। कामठी तहसील के गुमथी निवासी कृष्णा विनायक बोलटने उम्र 34 साल रविवार को अपने मित्र शुभम चौधरी से मिलने अस्पताल गया था। शुभम चंद्रपुर जिले के भद्रावती में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुआ था और उसे वरुणा मल्टीस्पेशालिटी अस्पताल में भर्ती किया गया था।
यह भी पढ़े -वर्तमान में महिला स्वास्थ्य को लेकर सामने आ रही अनेक चुनौतियां, गायनेकोलॉजिकल सम्मेलन में चिन्तन
रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे कृष्णा अस्पताल से नीचे उतरा और लघुशंका के लिए जगह तलाश करने लगा। अस्पताल परिसर के पीछे पार्किंग क्षेत्र में अंधेरा होने के कारण वह उसी दिशा में आगे बढ़ गया। इसी दौरान उसने अंडरग्राउंड पानी की टंकी के ढक्कन पर पैर रखा, जो अचानक टूट गया, और वह ढक्कन सहित गहरी पानी की टंकी में जा गिरा। वहीं पास में गटर का चेंबर भी है।
पक्की सीमेंट टंकी होने के कारण गिरते समय कृष्णा के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। रात का समय होने से वह लंबे समय तक टंकी में पड़ा रहा। बाद में कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन प्राथमिक उपचार के दौरान ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कृष्णा निजी अस्पताल में काम करता था और अविवाहित था। हादसे के बाद यह आरोप लगाया गया कि अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता नहीं थी, जिसके चलते कुछ समय के लिए तनाव का माहौल भी बना रहा। इस बीच उपनिरीक्षक गिरे ने आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज कर लिया है। जांच जारी है।
Created On :   17 Nov 2025 7:50 PM IST













