कार्रवाई: कैफे में चल रहे हुक्का पार्लर पर छापा, प्रबंधक गिरफ्तार

कैफे में चल रहे हुक्का पार्लर पर छापा, प्रबंधक गिरफ्तार
रिहाएशी इलाके में है पार्लर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। धरमपेठ इलाके में कैफे के अंदर चल रहे हुक्का पार्लर पर पुलिस ने छापा मारकर पार्लर के प्रबंधक तौहीद शेख बशीर शेख (21), चंदन नगर निवासी व कैफे मालिक प्रफुल चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज किया। प्रबंधक तौहीद शेख को गिरफ्तार कर लिया।

धरमपेठ में है क्यूबा स्पोर्ट्स लॉज एंड कैफे : रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के आदेश पर धरमपेठ में कैफे की आड़ में चल रहे हुक्का पार्लर पर कार्रवाई की गई। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार धरमपेठ में गोतमारे कॉम्प्लेक्स में क्यूबा स्पोर्ट्स लॉंज एंड कैफे है। इस कैफे के अंदर हुक्का पार्लर शुरू होने की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को मिली थी। उस अधिकारी ने रात करीब 8 बजे कैफे की आड़ में चल रहे हुक्का पार्लर पर पुलिस टीम के साथ छापा मारा। इस दौरान ग्राहक हुक्का पीते मिले। पुलिस ने कैफे के प्रबंधक तौहीद शेख बशीर शेख को धरदबोचा। पार्लर से सामग्री जब्त की।

कार्रवाई के बाद भी इन इलाकों में धड़ल्ले से चलते हैं पार्लर : सीताबर्डी थाने में तौहीद शेख के साथ कैफे मालिक प्रफुल्ल अशोक चौधरी (38), राम नगर निवासी के खिलाफ भी अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी तौहीद को उस समय तो गिरफ्तार कर लिया, लेकिन अब देखना है कि, हुक्का पार्लर मालिक प्रफुल्ल चौधरी को कब गिरफ्तार करेगी। अंबाझरी, सीताबर्डी आैर सदर इलाके में इसके पहले भी कई हुक्का पार्लरों पर कार्रवाई हो चुकी है। बावजूद कैफे फिर चालू हो जाते हैं। पुलिस की हुक्का पार्लरों पर छोटी-छोटी कार्रवाई के कारण शहर में इस समय सैकड़ों हुक्का पार्लर संचालित हो रहे हैं।

पुलिसकर्मी दोस्तों पर अच्छा खासा खर्च करते हैं संचालक : शहर के अंबाझरी, सीताबर्डी, धरमपेठ, सदर, फुटाला, रवि नगर आदि इलाकों में कई कैफे के अंदर शाम होते ही हुक्का पार्लर शुरू हो जाता है। इन पार्लरों मंे बड़ी संख्या में युवक और युवतियां हुक्का पीने का शौक पूरा करते हैं। चर्चा है कि, इन इलाकों में कई कैफे चालकों से पुलिस के विशेष दस्ते, क्राइम ब्रांच पुलिस के मादक पदार्थ विरोधी दस्ते, पुलिस परिमंडल की यूनिट और स्थानीय थानों के डीबी स्क्वॉड के कुछ कर्मचारियों से करीबी संबंध होने के कारण वे कार्रवाई से बच जाते हैं। इससे बदले में वे उन पुलिसकर्मी दोस्तों पर अच्छा खासा खर्च भी करते हैं।

Created On :   31 Oct 2023 8:09 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story