कार्रवाई: फार्म हाउस में देह व्यापार अड्डे पर छापा मारकर पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार

फार्म हाउस में देह व्यापार अड्डे पर छापा मारकर पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार
  • आरोपियों में फार्म हाउस मालिक और उसका भाई भी
  • तीन महिलाओं को मुक्त कराकर हिरासत में लिया
  • पुलिस ने 4.54 लाख का माल किया जब्त

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सावनेर के टाकली भंसाली स्थित विराट फार्म हाउस में चल रहे देह व्यापार अड्डे पर पुलिस ने छापा मारकर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया और तीन महिलाओं को मुक्त कराया। पश्चात तीनों पीड़ित महिलाओं को हिरासत में ले लिया है। कार्रवाई के दौरान करीब 4.54 लाख का माल जब्त किया गया।

सावनेर के टाकली भंसाली में है फार्म हाउस : सावनेर पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि, टाकली भंसाली स्थित विराट फाॅर्म हाउस में देह व्यापार अड्डा चल रहा है। 3-4 मार्च की दरमियानी रात सावनेर की महिला सहायक पुलिस निरीक्षक मोकाशे ने सहयोगियों के साथ फाॅर्म हाउस पर छापा मारा। इस दौरान फाॅर्म हाउस के मालिक आरोपी विनय भगवानप्रसाद तिवारी व उसके भाई विवेक भगवानप्रसाद तिवारी को पकड़ा गया।

तिवारी बंधुओं पर आरोप है कि, यह अपने साथी आरोपी अभिषेक पापू कनोजिया (26), संतोष वसंता फुले (21), आदित्य अनिल इंगले (22), आयुष दिनेश शेलके (22) अौर शुभम केवलसिंग मुछावड़ (23), दुर्गामाता मंदिर चौक, सदर छावनी, नागपुर निवासी के साथ मिलकर देह व्यापार अड्डा चलाते थे। सभी आरोपियों ने यह अड्डा विराट फार्म हाउस में ही खोल रखा था। इस अड्डे पर तीन महिलाओं काे पैसे का लालच देकर एक फार्म हाउस से दूसरे फार्म हाउस में भेजकर उनसे देह व्यापार कराते थे। फार्म हाउस के अंदर बने कमरे का उपयोग देह व्यापार के लिए करते थे। तिवारी बंधुओं सहित 7 आरोपियोें के खिलाफ सावनेर थाने में धारा 370, 34, सहधारा 3(2), (ए), 5(ए), (सी), (डी) पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और तीनों महिलाओं को हिरासत में लेकर उन्हें महिला सुधारगृह भेज दिया गया है।

4.54 लाख का माल जब्त : गिरफ्तार आरोपियों व पीड़ित महिलाओं से 10 मोबाइल, 2 बाइक व अन्य सामग्री सहित करीब 4.54 लाख का माल जब्त किया गया है। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार, अपर पुलिस अधीक्षक रमेश धुमाल के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। सावनेर के थानेदार रवींद्र मानकर के नेतृत्व में महिला सहायक पुलिस निरीक्षक मोकासे, हवलदार राजेश हावरे, कोडनकर, रवींद्र चटप, माणिक शेरे, अशोक निस्ताने, हवलदार अंकुश मुले, सतीश देवकते ने कार्रवाई की।

Created On :   5 March 2024 8:20 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story