- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- सार्वजनिक गणेश मंडलों को ऑनलाइन...
सार्वजनिक गणेश मंडलों को ऑनलाइन अनुमति देने के लिए प्रक्रिया शुरू हुई

- सार्वजनिक गणेश मंडल
- ऑनलाइन अनुमति की प्रक्रिया शुरू
- पीओपी की मूर्तियां पूरी तरह प्रतिबंधित हैं
डिजिटल डेस्क, नागपुर. मनपा ने शहर में पर्यावरणपूरक और सार्वजनिक मंडलों की अनुमति के लिए ऑनलाइन अनुमति प्रणाली को 10 जोन में आरंभ किया है। इस व्यवस्था को जल्द ही क्रियान्वित कर गणेश मंडलों को सुविधाएं दी जाएंगी। व्यवस्था से मंडलों के स्वयंसेवकों को अब घर बैठकर सिंगल क्लिक पर गणेश स्थापना की 48 घंटों के भीतर अनुमति मिल सकेगी। यह जानकारी मनपा की अतिरिक्त आयुक्त आंचल गोयल ने दी है। मनपा मुख्यालय के डॉ. पंजाबराव देशमुख स्मृति स्थायी समिति सभागृह में संवाददाता सम्मेलन को वह संबोधित कर रहीं थीं। इस अवसर पर सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग प्रमुख महेश धामेचा, स्वप्निल लोखंडे उपस्थित थे।
मिट्टी की मूर्ति स्थापित करें : केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आदेश पर पीओपी को पाबंद किया गया है। ऐसे में पर्यावरण सुरक्षा के लिहाज से नागरिकों ने मिट्टी की मूर्ति की स्थापना करनी चाहिए। मनपा की ओर से गणेश मंडलों को लगाने वाले शुल्क में पिछली बार की भांति रियायत दी जा सकती है। ऐसे में मुख्यमंत्री के निर्देशों का क्रियान्वयन करने का प्रयास हो रहा है।
10 जोन में की गई व्यवस्था अतिरिक्त आयुक्त गोयल ने बताया कि मई 2020 में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण मंडल द्वारा जारी नियमावली में पीओपी मूर्ति को पूरी तरह से पाबंद किया गया है। पिछले साल तक सिंगल विंडो व्यवस्था से यातायात विभाग, पुलिस विभाग, लोककर्म विभाग और अग्निशमन विभाग से सार्वजनिक गणेश मंडलों को अनुमति दी जाती थी। इस व्यवस्था में कागजी प्रक्रिया और स्थल निरीक्षण में समय लगता था। ऐसे में इस साल से ऑनलाइन व्यवस्था को लागू किया जा रहा है। सभी 10 जोन में एक खिड़की व्यवस्था में नागरिकों को जोन स्तर पर पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग और मनपा की अनुमति और अनापत्ति प्रमाणपत्र ऑनलाइन प्रणाली से मिलेगा।
Created On :   31 Aug 2023 4:39 PM IST












