Nagpur News: प्रभाग रचना जस की तस 2017 के अनुपात में मामूली बदलाव, बहुत अधिक छेड़छाड़ नहीं

प्रभाग रचना जस की तस 2017 के अनुपात में मामूली बदलाव, बहुत अधिक छेड़छाड़ नहीं
  • भाजपा के बड़े नेताओं के क्षेत्र में कोई बदलाव नहीं
  • विरोधियों के कुछ इलाके इधर- उधर
  • आबादी के हिसाब से 38 सबसे छोटा, 16 सबसे बड़ा

Nagpur News. बहुप्रतीक्षित मनपा की प्रभाग रचना का प्रारूप आखिरकार जारी हो गया। राज्य निर्वाचन आयोग की शुक्रवार देर शाम मंजूरी के बाद शनिवार को मनपा मुख्यालय की हरियाली पर इसे सा‌र्वजनिक किया गया। सभी प्रभागों के अलग-अलग बोर्ड लगाकर इसे आम जनता के लिए खुला किया गया है। वेबसाइट पर भी इसे जारी किया। इन बदलावों के बीच भाजपा के सभी बड़े नेताओं के प्रभाग तटस्थ रहे। भाजपा शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी के प्रभाग 11 बजेरिया में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं होने का दावा किया गया है। विधायक प्रवीण दटके के प्रभाग 10 दक्षिणामूर्ति में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। भाजपा नेता अविनाश ठाकरे के प्रभाग 35 में भी कोई परिवर्तन नहीं है। हालांकि यहां शिवणगांव को जोड़ने का दावा किया गया, लेकिन प्रभाग सूची में उसका उल्लेख नहीं है। विधानपरिषद सदस्य संदीप जोशी के प्रभाग 17 में भी बदलाव के कोई संकेत नहीं मिले हैं और न वरिष्ठ सदस्य बाल्या बोरकर के प्रभाग में किसी तरह के छेड़छाड़ की जानकारी है। सभी बड़े नेताओं के प्रभाग में स्थिति पहले जैसी होने का दावा किया गया है। ऐसे में दावा किया गया कि 2017 की अनुकूल परिस्थिति को ध्यान में ही रखकर प्रभाग की सीमाओं को बहुत ज्यादा छेड़ा नहीं गया है।

अधिवेशन के बाद हो सकते हैं चुनाव

फिलहाल मनपा के चुनाव विधानमंडल के नागपुर अधिवेशन के बाद होने की संभावना जताई गई है। सूत्रों के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग ने पहले चरण में जिला परिषद, दूसरे चरण में नगरपरिषद और तीसरे चरण में महानगरपालिका चुनाव कराने का निर्णय लिया है। ऐसे में नागपुर मनपा चुनाव अधिवेशन के बाद होने की अटकलें हैं।

बहुत अधिक छेड़छाड़ नहीं

  • कुछ मामूली बदलाव को छोड़ दिया जाए तो इसे ‘वर्ष 2017’ में जारी किया गया प्रभाग रचना का प्रारूप ही माना जा रहा है, जिसमें सीमांकन के साथ बहुत अधिक छेड़छाड़ नहीं किया।
  • 2011 की जनसंख्या और 2017 की प्रभाग रचना को ‘जस का तस’ देखा जा रहा है। प्रारूप में भाजपा के बड़े नेताओं के प्रभाग में बदलाव नहीं देखा जा रहा है, जबकि विरोधियों के प्रभाग में कुछ मामूली बदलाव सामने आ रहे हैं।
  • प्रफुल गुडधे के प्रभाग-38 में शिवणगांव का अतिरिक्त उल्लेख माना जा रहा है। इसी तरह प्रभाग 33 में पार्वतीनगर, जयभीम नगर, भगवान नगर को जोड़ा गया है। इस प्रभाग से पहले कैलाश नगर का आधा हिस्सा, अब संपूर्ण कैलाश नगर को इससे जोड़ा गया है।
  • फिलहाल इन इलाकों को जोड़कर चंद्रमणि नगर को अलग किए जाने का दावा किया गया है। शहर सीमा क्षेत्र से जुड़े प्रभागों के भी एक-दो इलाके भी इधर से उधर होने की जानकारी है।

क्षेत्रफल में प्रभाग 14, 15, 16 सबसे बड़े

प्रभाग रचना करते समय 2011 की जनसंख्या को आधार लिया गया। ऐसे में 50 से 70 हजार के मध्य प्रभागों की जनसंख्या रखी गई है। जनसंख्या के लिहाज से प्रभाग 16 को सबसे बड़ा प्रभाग है। इसकी जनसंख्या 71 हजार 187 है। इसी तरह प्रभाग 38 सबसे छोटा माना जा रहा है। इसकी जनसंख्या 47 हजार 216 है। क्षेत्रफल के हिसाब से प्रभाग 14, 15, 16 सबसे बड़े माने गए है। प्रभाग रचना अनुसार शहर में 38 प्रभाग होंगे। 37 प्रभागों में 4-4 सदस्य होंगे, जबकि अंतिम 38वां प्रभाग 3 सदस्यीय होगा।

दर्ज होंगी आपत्तियां

प्रभाग रचना के जारी होते ही सुझाव व आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शनिवार को पोला त्योहार और रविवार को अवकाश होने से किसी ने आपत्ति दर्ज नहीं कराई। ऐसे में सोमवार से मनपा चुनाव विभाग में आपत्तियां दर्ज होने की संभावना जताई गई है। बताया गया कि 4 सितंबर को दोपहर 4 बजे तक जनता अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकती है। इसके बाद आपत्तियों पर सुनवाई कर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।

प्रभाग कई जोन और विधानसभा में बंटे

उधर लंबे समय से मांग की जा रही थी कि प्रभाग का जोन और विधानसभा में बंटवारा न किया जाए। उसे एक जोन और एक ही विधानसभा में रखा जाए, इससे लोगों के काम करने और करवाने में आसानी होती है। भाजपा विधायक कृष्णा खोपड़े ने भी इस मांग को उठाया था। किन्तु प्रभाग रचना करते समय इस मांग को नजर अंदाज किया गया। प्रभाग 17 तीन विधानसभा क्षेत्र में बंट जाने से यहां के लोगों को अपनी शिकायत के लिए मनपा के 3 जोन में दौड़ लगानी होगी। यह प्रभाग मध्य नागपुर, दक्षिण नागपुर व मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र दक्षिण-पश्चिम में बंटा हुआ है। इस प्रभाग में मनपा के धंतोली, गांधीबाग व हनुमान नगर जोन आते हैं। समस्या के निराकरण के लिए लोगों को तीन जोन में निवेदन व शिकायत करनी होगी। यही हाल प्रभाग 23 का है। इस प्रभाग को नेहरूनगर जोन और लकड़गंज जोन में बांट दिया गया है। सिर्फ जोन में नहीं बंटा, इसका पूर्व और दक्षिण विधानसभा में भी विभाजन हुआ है। ऐसे कई प्रभाग हैं, जिसे दो जोन या विधानसभा में बांटा गया है। ऐसे में नागरिकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

Created On :   25 Aug 2025 5:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story