- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- सीमा तय होते ही नेता दायरा सुरक्षित...
Nagpur News: सीमा तय होते ही नेता दायरा सुरक्षित करने में जुटे, अब आरक्षण का इंतजार

- प्रभागों में सक्रियता बढ़ी, रैलियां निकलीं
- सभी को अपने ऊपर भरोसा
Nagpur News. मनपा प्रभाग रचना का प्रारूप जारी होते ही चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं तय हो गई है। स्थिति स्पष्ट होते ही नेता भी अपनी सीमाओं को बांधने में जुट गए हैं। जो अभी तक असमंजस में थे, उनकी दिशा अब तय हो गई है। वे तय सीमाओं में अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। हालांकि कुछ लोग दो प्रभागों पर फोकस कर रहे हैं। इन्हें लगता है कि प्रभाग आरक्षण इनका खेल बिगाड़ सकता है। अगर उनके प्रभाग की सीटें आरक्षित होती है तो सीट संकट में पड़ सकती है। इसे ध्यान में रखकर आसपास के नजदीकी प्रभाग, जो आपस में मिलते-जुलते हो वहां तैयारी कर रहे हैं। यह ज्यादा सेफ लग रहा है। कुछ दिन में प्रभाग आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने पर वे ज्यादा सुरक्षित तरह से रह सकते हैं।
प्रभागों में सक्रियता बढ़ी, रैलियां निकलीं
प्रभाग रचना का प्रारूप जारी होते ही इच्छुक उम्मीदवारों ने प्रभागों में सक्रियता बढ़ा दी। तान्हा पोला के निमित्त कई इच्छुक उम्मीदवारों ने क्षेत्र में छोेटे-छोटे आयोजन किए। इच्छुकों ने सिर्फ आयोजन ही नहीं, बल्कि मतदाताओं तक पहुंचने के लिए प्रत्येक बालक को गिफ्ट भी बांटे। बसपा नेता उत्तम शेवडे, चंद्रशेखर कांबले, रंजनाताई ढोरे ने प्रभाग 33 में दौरा कर विविध समस्याओं की जानकारी लेकर प्रभाग का दौरा किया। इसी तरह अन्य प्रभागों में भी नेता दौरा करते दिखे।
सभी को अपने ऊपर भरोसा
- फिलहाल सीमाएं तय होने के बाद नेताओं की मिली-जुली प्रतिक्रिया आ रही है। वे 2017 की तरह इस बार के रण-संग्राम को मान रहे हैं। कुछ ने भाजपा पर अपने अनुकूल प्रभाग रचना करने का आरोप लगाया तो भाजपा ने चुनाव आयोग पर विश्वास जताते हुए कहा कि जो किया, वह चुनाव आयोग का है।
- कांग्रेस के शहर अध्यक्ष एवं विधायक विकास ठाकरे ने कहा कि 2017 की प्रभाग रचना को जस का तस रखने से समझ में आता है कि भाजपा कोई रिस्क लेने को तैयार नहीं है। उसे पता है कि 15 साल के शासन और 3 साल के प्रशासक राज में शहर में कोई काम नहीं हुआ है और जनता में असंतोष है।
- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रफुल गुडधे ने कहा कि चार साल से चुनाव नहीं हुए। उसका कांग्रेस को फायदा होगा। भाजपा यह जानती है, इसलिए चुनाव को टाल रही थी। लेकिन अब यहां वोट चोरी नहीं चलेगी।
- भाजपा के वरिष्ठ नेता अविनाश ठाकरे ने कहा कि प्रभाग रचना तय करने का काम राज्य निर्वाचन आयोग का है। भाजपा ने लगातार सक्रिय है। उसका फायदा चुनाव में मिलेगा।
- बसपा के शहर अध्यक्ष योगेश लांजेवार ने कहा कि कुछ मामूली बदलाव के साथ 2017 की पुनरावृत्ति हुई है। बसपा इस बार अधिक मजबूती से सामने आएगी। जो सीटे जीती थी और जिनपर दूसरे नंबर पर रहे हैं, उन पर हमारा फोकस रहेगा।
- राकांपा (अजित पवार) की नेता आभा पांडे ने कहा कि प्रभाग में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। अगर महायुति एकसाथ लड़ती है तो जरूर इसका फायदा मिलेगा। इस चुनाव में एनसीपी की ताकत भी बढ़ेगी।
- राकांपा (शरद पवार) के अध्यक्ष दुनेश्वर पेठे ने कहा कि प्रभाग रचना में सीमाएं वहीं है, लेकिन कहीं-कहीं वोटर कम हुए हैं। पिछली प्रभाग रचना में जो गलतियां थी, वह फिर दोहरायी गई है। इसके खिलाफ आपत्ति दर्ज की जाएगी।
Created On :   25 Aug 2025 6:12 PM IST