- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मनपा की सुरेंद्रगढ स्कूल में...
Nagpur News: मनपा की सुरेंद्रगढ स्कूल में पर्यावरणपूरक गणेश प्रतिमा निर्माण की कार्यशाला

- विद्यार्थियों ने लिया सहभाग
- पर्यावरण संवर्धन का संकल्प
- पर्यावरणपूरक गणेश प्रतिमा निर्माण की कार्यशाला
Nagpur News. महानगरपालिका की सेमिनरी हिल्स स्थित सुरेंद्रगढ हिंदी एवं सेमी-अंग्रेजी माध्यमिक विद्यालय में पर्यावरणपूरक गणेश प्रतिमा निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया। पिछले लगभग 15 वर्षों से विद्यालय में यह अभिनव और पर्यावरणहितैषी परंपरा जारी है। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक कल्पनाओं को जोड़कर सुंदर गणेश प्रतिमाओं का निर्माण किया।
मनपा आयुक्त एवं प्रशासक डॉ. अभिजीत चौधरी के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत और वैष्णवी बी. के नेतृत्व में पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। स्कूली विद्यार्थियों के माध्यम से अभिभावकों और समाज में यह संदेश पहुँचाने का उद्देश्य है कि मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं की स्थापना और विसर्जन से पर्यावरण की रक्षा की जा सकती है। इसी उद्देश्य से इस कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में विद्यार्थियों ने बालू और मिट्टी के मिश्रण से आकर्षक गणेश मूर्तियों का निर्माण किया। मूर्ति निर्माण के दौरान पर्यावरण संवर्धन से जुड़ी वस्तुओं का भी कलात्मक रूप में उपयोग किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय की मुख्याध्यापिका दीप्ति बिष्ट ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार करने हेतु सतत प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यशाला में अन्विती ग्रुप की कलाकार आशा रमन और नाना मिसाल ने मूर्तिकार के रूप में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उनकी कलात्मक क्षमता को निखारा। कार्यशाला की सफलता के लिए शिक्षिका प्रणाली बगले, स्वाति जोशी, बरखा जायसवाल सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Created On :   24 Aug 2025 7:31 PM IST