नागपुर: शराब नहीं दी तो मेहमान के गले में घोंप दिया चाकू, जख्मी मेयो अस्पताल में भर्ती

शराब नहीं दी तो मेहमान के गले में घोंप दिया चाकू, जख्मी मेयो अस्पताल में भर्ती
  • गले में घोंप दिया चाकू
  • मेयो अस्पताल में भर्ती किया गया घायल

डिजिटल डेस्क, नागपुर. मित्र के घर आए मेहमान द्वारा शराब नहीं देने से उसकी हत्या करने की कोशिश की गई। इमामवाड़ा थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। शनिवार को उसे अदालत में पेश कर पुलिस की रिमांड पर लिया गया। जख्मी विजय चंदन उज्जैनवार (42), मुक्ता कालोनी, बंगाली कैम्प, चंद्रपुर निवासी है। विजय महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में दर्शन करने पंचमढ़ी गया था। वहां से आने के बाद वह अपना साला सचिन कागडे, इमामवाड़ा निवासी के घर गया। सचिन ने विजय की मेहमान नवाजी की। शुक्रवार को दोपहर में शराब लायी। विजय जब शराब पी रहा था उस दौरान सचिन का मित्र रजत उर्फ मोनू नरेश रामटेके (30), इमामवाड़ा निवासी भी वहां पहुंचा और उसने विजय से पीने के लिए शराब मांगी। विजय ने शराब देने से मना किया, तो इस बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया और तैश में आकर रजत ने जेब से चाकू निकाला और विजय के गले पर वार कर उसे जान से मारने का प्रयास किया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए विजय को मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सचिन की पत्नी कविता की शिकायत पर उपनिरीक्षक टेमिगरे ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी रजत को गिरफ्तार किया। शनिवार को उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर है।

होटल में चल रहे हुक्का पार्लर पर छापा

गोंडखैरी में एक होटल में चल रहे हुक्का पार्लर पर पुलिस ने छापा मारकर 5 आरोपियों पर कलमेश्वर थाने में कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार ग्रामीण पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि, गोंडखैरी में होटल के अंदर हुक्का पार्लर भी चलाया जा रहा है। पुलिस के दस्ते ने होटल पर छापेमारी की। इस दौरान आरोपी संघदीप माेरेश्वर मेश्राम गिट्टीखदान, नागपुर, अजय शामराव गजभिये, आठवां मैल, मंडपे ले-आउट, नागपुर, दीपक राजेन्द्र उरकुडे, खैरी पन्नासे, हिंगना, असलम उर्फ राजा अशफाक खान, बोरगांव दिनशा फैक्ट्री और डैनिस वॉरेन, मानकापुर निवासी को गिरफ्त में लेकर इनके खिलाफ धारा 4 (अ), 21 (अ), कोपा एक्ट की सहधारा 109 के तहत मामला दर्ज किया गया है। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार, अपर पुलिस अधीक्षक रमेश धुमाल, सहायक पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। पुलिस उपनिरीक्षक दत्तात्रय कोलटे, विवेक गाड़गे ने कार्रवाई की।

Created On :   10 March 2024 9:11 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story