रामटेक: शिव संकल्प सभा में शिंदे का ऐलान, अबकी बार महाराष्ट्र में सीटें 45 पार

शिव संकल्प सभा में शिंदे का ऐलान, अबकी बार महाराष्ट्र में सीटें 45 पार
  • विपक्ष पर तंज कसते हुए बोले शिंदे बची-खुची लंका जला दूंगा
  • रामटेक के विकास में कसर नहीं छोड़ने का आश्वासन दिया

डिजिटल डेस्क, रामटेक. प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं अबकी बार 400 पार। उसी तरह राज्य में अबकी बार 45 पार का हम संकल्प लेते हैं, यह ऐलान रविवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नेहरू मैदान, रामटेक में आयोजित शिव संकल्प सभा में किया। मंच पर मंत्री उदय सामंत, विधान परिषद अध्यक्ष नीलम गोरे, सांसद कृपाल तुमाने, विधायक एड.आशीष जयस्वाल, किरण पांडव सहित जिलाध्यक्ष, पदाधिकारी उपस्थित थे।

विपक्ष पर तंज कसते हुए बोले शिंदे बची-खुची लंका जला दूंगा

मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि, ‘मेरी दाढ़ी पर लकड़ी न घुमाओ, वरना आपकी बची-खुची लंका जलाकर खाक कर दूंगा’। विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि, इन्हें मेरी कोई भी चीज हजम नहीं हो रही है, हाजमोला भेजना पड़ेगा। इनका हिंदुत्व सच्चा नहीं है और लोग इन्हें इनकी जगह दिखाएंगे।

रामटेक के विकास में कसर नहीं छोड़ने का आश्वासन दिया

यह विश्वास भी व्यक्त करते हुए रामटेक के विकास में कसर नहीं छोड़ने का आश्वासन भी दिया। सभा में सांसद कृपाल तुमाने, विधायक आशीष जयस्वाल, नीलम गोरे आदि ने भी संबोधित किया। प्रास्ताविक प्रा.डा.सावन धर्मपुरीवार ने किया।

किसान व व्यापारी नाराज, साप्ताहिक बाजार परिसर में सभा का आयोजन

रविवार को रामटेक नगर में साप्ताहिक बाजार लगता है। साप्ताहिक बाजार परिसर में सभा का आयोजन किए जाने से नगर परिषद प्रशासन द्वारा बाजार स्थगित कर दूसरे दिन साप्ताहिक बाजार लगाने का प्रबंध किया, जिसके चलते किसान व व्यापारी व ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।

गढ़ मंदिर में टेका मत्था, प्रभु श्रीराम के दर्शन किए

सभा समाप्ति के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सीधे गढ़मंदिर परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रभु श्रीराम के दर्शन किए। साथ ही परिसर में कार्यान्वित, रुके हुए और प्रस्तावित विकास कार्यों के बारे में सांसद कृपाल तुमाने, विधायक एड.आशीष जयस्वाल से सविस्तृत जानकारी ली।








Created On :   12 Feb 2024 12:11 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story