राजनीति: लोकसभा के परिणाम आने के बाद महायुति सरकार गिरेगी, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पटोले का दावा

लोकसभा के परिणाम आने के बाद महायुति सरकार गिरेगी, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पटोले का दावा
  • कहा - नरेंद्र मोदी व भाजपा ने देश के युवाओं को बेराेजगार किया
  • भाजपा पराजय की स्थिति में इसलिए बूथ कैप्चरिंग कर रही
  • भाजपा नेता के एक पुत्र ने बूथ कैप्चरिंग का फोटो सोशल मीडिया पर डाला

डिजिटल डेस्क, नागपुर । कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा है कि देश में भाजपा के विरोध में वातावरण बना हुआ है। 4 जून को लोकसभा चुनाव का परिणाम आने के बाद देश ही नहीं राज्य में सरकार बदल जाएगी। महायुति की सरकार गिर जाएगी। राज्य में 35 से अधिक लोकसभा क्षेत्र में महाविकास आघाड़ी चुनाव जीतेगी। गुुरुवार को पटोले ने पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा ने देश के युवाओं को बेराेजगार किया है। युवाओं को न्याय देने का काम कांग्रेस कर रही है।

भाजपा पराजय की स्थिति में है इसलिए वह बूथ कैप्चरिंग कर रही है। गुजरात में भाजपा नेता के एक पुत्र ने बूथ कैप्चरिंग का फोटो सोशल मीडिया पर डाला है। इस संबंध में चुनाव आयोग त्वरित दखल ले। चुनाव के समय लोगों को भ्रमित करने के लिए महायुति विविध दांव चल रही है। मराठा आरक्षण के संदर्भ में सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। पुराने मुद्दे सामने लाए जा रहे हैं। राज्य में 108 नंबर की एंबुलेंस सेवा की शुरुआत कांग्रेस ने की थी। उस योजना की अवधि बढ़ाने के लिए 10 हजार करोड का भ्रष्टाचार एकनाथ शिंदे व देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व की सरकार ने किया है। भ्रष्टाचार के मामले में चर्चित बृजेश दीक्षित को नए मंडल का अध्यक्ष बनाया जा रहा है।

अधिक निधि हड़पने का प्रयास : 25 हजार करोड़ का इस्टीमेट तैयार करके उसमें से अधिक निधि हड़पने का प्रयास राज्य सरकार कर रही है। सवाल है कि चुनाव की आचार संहिता के बीच निविदा प्रक्रिया कैसे हो सकती है।शिंदे और पवार भाजपा के अग्निवीर दोनों को पश्चाताप होगा : वडेट्टीवार : मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उपमुख्यमंत्री अजित पवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार ने भाजपा के अग्निवीर कहा है। वडेट्टीवार के अनुसार लोकसभा चुनाव के लिए शिंदे व पवार का इस्तेमाल किया जा रहा है। चुनाव के बाद दोनों का भाजपा महत्व नहीं देगी। दोनों को शिवसेना व राकांपा को तोड़ने पर पश्चाताप होगा। गुरुवार को वडेट्टीवार ने पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने कहा-भाजपा का ग्राफ गिर रहा है। राज्य में लोकसभा की अधिक सीटों पर महाविकास आघाड़ी जीतेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिला परिषद चुनाव के समान राज्य में घूम रहे हैं। प्रचार सभाएं ले रहे हैं। प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार सभा लेनेवाले मोदी कदाचित पहले प्रधानमंत्री होंगे। हिंदू मुस्लिम का मुद्दा प्रभावहीन रहा है। इसलिए प्रधानमंत्री अदानी-अंबानी की बात करने लगे हैं। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के सवालों के जवाब दिए हैं। कांग्रेस को अदानी व अंबानी ने पैसे दिए हों तो ईडी या सीबीआई से पूछें। शरद पवार ने कहा है कि वे भाजपा में जाने के इच्छुक नहीं थे। ओएनजीसी 93 हजार करोड़ के नुकसान में थी इसलिए अदानी को दी गई अब हजारों करोड़ रुपये के लाभ में ओएनजीसी शुरू है। अदानी-अंबानी ने सबसे अधिक लाभ भाजपा सरकार को दिया है।

Created On :   11 May 2024 11:33 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story