विधानमंडल: किसानों के मुद्दे पर अड़े विपक्ष ने सदन छोड़ा, पांच विधेयक पारित

किसानों के मुद्दे पर अड़े विपक्ष ने सदन छोड़ा, पांच विधेयक पारित
शीतसत्र का दूसरा दिन हंगामेदार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विधानमंडल के शीतसत्र का दूसरा दिन हंगामे में बदल गया। किसानों को मदद की मांग पर अड़े विपक्ष ने सदन छोड़ दिया तो सरकार ने इसका फायदा उठाते हुए पांच विधेयक पारित करा लिए। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने विपक्ष से नियमित कामकाज में सहयोग की अपील की और किसानों के मुद्दे पर चर्चा के लिए शाम का समय तय करने की बात रखी लेकिन विपक्ष ने सभा का त्याग कर दिया। सोमवार को कृषि संकट व मंगलवार को मराठा आरक्षण पर चर्चा होगी।

विधानसभा में प्रश्नकाल में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार ने नियम 57 के तहत कृषि संकट का विषय रखा। उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि, असमय बारिश से किसान संकट में हैं। 7.50 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फसल को नुकसान हुआ है। विदर्भ व मराठवाड़ा में संतरा, अंगूर सहित अन्य फसलें खराब हो गई हैं। उन्होंने प्रश्नकाल स्थगित कर कृषि संकट पर चर्चा करने की मांग की। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कृषि संकट पर चर्चा के लिए सरकार तैयार है लेकिन नियमित कामकाज को पूरा करना भी जरूरी है। विपक्ष कृषि संकट पर चर्चा की मांग पर अड़ा रहा और नारेबाजी करने लगा।

आसन के पास पहुंचे सदस्य : शिवसेना उद्धव गुट के सुनील प्रभु, राकांपा शरद पवार गुट के अनिल देशमुख, कांग्रेस की सदस्य यशोमति ठाकुर अध्यक्ष के आसन तक पहुंच गए और किसानों की मदद पर चर्चा की मांग की। कांग्रेस सदस्य नाना पटोले ने कहा कि जब सरकार चर्चा को तैयार है तो वह किसानों को मदद पर सबसे पहले बात क्यों नहीं करती। कांग्रेस के अशोक चव्हाण ने मराठा आरक्षण पर चर्चा का निवेदन किया।

प्याज व गन्ना उत्पादकों को केंद्र से मदद दिलाने का आश्वासन : राज्य में प्याज व गन्ना उत्पादन पर संकट गहराने के आसार हैं। सरकार ने इस पर केंद्र सरकार से राहत दिलाने का आश्वासन दिया है। विधानसभा में वित्तमंत्री अजित पवार ने बताया कि केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल व केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी से चर्चा की जाएगी। जयंत पाटील ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्याज निर्यात व गन्ना से इथेनॉल निर्माण पर बंदी लगा दी है। कांग्रेस सदस्य बालासाहब थोरात ने दूध उत्पादकों का मुद्दा उठाया। मंगलवार को दुग्ध विकास मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटील की उपस्थिति में इस विषय पर चर्चा होगी।

ऑनलाइन ठगी रोकने के लिए बनेगा डायनामिक प्लेटफार्म : आर्थिक अपराध को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की अपराध शाखा को और अधिक सक्षम किया जाएगा। अपराध शाखा में फाइनेंशियल इंटेलिजेंस की व्यवस्था की जाएगी। धोखाधड़ी व ऑनलाइन ठगी को रोकने के लिए जनजागरण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। डायनामिक प्लेटफार्म अर्थात गतिमान मंच के माध्यम से ऑनलाइन ठगी पर नियंत्रण किया जाएगा। फडणवीस ने बताया कि विदेश से संचालित एप से अार्थिक धोखाधड़ी की जा रही है।

मलिक को लेकर पटोले ने दागा भाजपा पर सवाल : नवाब मलिक के मुद्दे पर दूसरे दिन भी सियासी तूफान मचा रहा। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले ने सवाल किया कि भाजपा अजित पवार आैर प्रफुल्ल पटेल को गले लगाती हैै। विधायक नवाब मलिक का उसका विरोध केवल दिखावा है। पटाेले ने विधान भवन परिसर में मीडिया से कहा कि भाजपा ने अजित पवार व प्रफुल्ल पटेल पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। अब उन्हें ही उसने गले लगा लिया है।

विधायक नवाब मलिक के मुद्दे पर भाजपा को राष्ट्र प्रेम याद आ रहा है। अगर मलिक के लिए राष्ट्र प्रेम याद आ रहा है तो अजित पवार, प्रफुल्ल पटेल पर भी यही मानक लागू होना चाहिए। इधर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने नवाब मलिक पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की भूमिका का समर्थन कर उसे साहसी कदम बताया।

Created On :   9 Dec 2023 7:10 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story