महिलाओं का सम्मान: हर क्षेत्र में एक्सप्लोर करना चाहती है नारी, भरना आसमान से ऊंची उड़ान

हर क्षेत्र में एक्सप्लोर करना चाहती है नारी, भरना आसमान से ऊंची उड़ान
  • ख्वाबों के साथ हौंसला रखती है, चाहती हैं भरना आसमां से ऊंची उड़ान।
  • जीती है दोहरी जिंदगी भी, रखती है सम्मान की चाह आज की नारी।

डिजिटल डेस्क, नागपुर। आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है। आज के दिन महिलाओं के सम्मान में तरह-तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कोशिश की जाती है कि महिलाओं को स्पेशल महसूस कराया जाए और ये बताया जाए कि उनके रहने से जिंदगी कितनी खूबसूरत है। विश्व महिला दिवस हर साल 8 मार्च को पूरे विश्व में किया जाता है। भारत में भी धूमधाम से सेलिब्रेट किया जाता है।

हुनर को तराशें

एक दौर था, जब महिलाओं को चारदीवारी में घूंघट में रखा जाता था, लेकिन आज की महिलाएं हर क्षेत्र में एक्सप्लोर करना चाहती हैं। ऐसा कहना है जिला परिषद की सीईओ सौम्या शर्मा का। सौम्या शर्मा साल 2017 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने 26 जनवरी की परेड में पहली बार तीनों सेनाओं की ओर से ऑल वुमेन मार्चिंग कंटिंजेंट के शामिल होने का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी काबिलियत को साबित करना चाहती हैं, उन्हें उस तरह के मौके भी मिल रहे हैं। बस कुछ हैं, जिनमें आत्मविश्वास की कमी है, उन्हें कहना चाहूंगी कि जितना संभव हो सकता है अपने हुनर पर काम करें, उसे तराशें, आत्मविश्वास अपने आप आ जाएगा।

परिस्थिति पर निर्भर है समानता

एडिशनल म्यूनिसिपल कमिश्नर आंचल गोयल कहती हैं कि महिलाओं पर जितनी चर्चा की जाए कम है। नारी समानता की जहां बात आती हैं, वहां जरूरी होता है उस एरिया में किस तरह की परिस्थिति है। जब गांव की बात करते हैं, तो आज भी कई ऐसे गांव हैं, जहां महिलाएं घूंघट में ही रहती हैं और कई ऐसे भी गांव हैं, जहां महिलाएं घर से निकलकर अपना और परिवार का पोषण करती हैं। परभणी में मैं सेवा दे चुकी हूं, यह उसी तरह का एरिया है। नागपुर शहर में जब मैं किसी कार्य का नेतृत्व कर रही होती हूं, तो वहां यह नहीं देखा जाता कि आगे ऑर्डर देने वाली महिला है या पुरुष। इस तरह की समानता हर जगह होना जरूरी है।

कुंग फू प्रतियोगिता में इशिका ने जीते दो स्वर्ण

राष्ट्रीय स्तर पर कुंग फू प्रतियोगिता में नागपुरे विद्यालय की विद्यार्थी इशिका कमलेश्वर भोयर ने दो स्वर्ण पदक जीते हैं। प्रतियोगिता 2 मार्च को हैदराबाद में आयोजित की गई थी। इशिका कक्षा 9वीं की छात्रा है। स्वर्ण पदक जीतने पर स्कूल द्वारा पुष्प गुच्छ देकर सत्कार किया गया। इस दौरान गायत्री एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष पंडितराव नागपुरे, सचिव हर्षवर्धन नागपुरे, पर्यवेक्षिका सुनीता देशमुख साथ एवं सभी शिक्षकों ने इशिका को बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

आरती ने शतरंज टूर्नामेंट में हासिल किया स्वर्ण पदक

इधर आईटी आयुक्तालय में तैनात आयकर अधिकारी आरती वकील ने हाल ही में गोवा में आयोजित अखिल भारतीय सिविल सेवा शतरंज टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन से नागपुर और मुंबई दोनों आईटी विभागों को सम्मान दिलाया है। शतरंज खिलाड़ी के रूप में अपने असाधारण कौशल का प्रदर्शन करते हुए उन्होंने व्यक्तिगत स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त, अपनी टीम, आरएसबी मुंबई का प्रतिनिधित्व करते हुए, उन्होंने शतरंज टूर्नामेंट में रजत पदक और ट्रॉफी अर्जित करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। स्थानीय आईटी विभाग में सेवा के साथ, आरती ने अपने काम में समर्पण और उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया है। उनकी उपलब्धियों को नागपुर आईटी अधिकारियों, कर्मचारियों और मुंबई आईटी विभाग के पूरे स्टाफ ने प्रशंसा की है।

सांस्कृतिक वॉकथॉन में दिखेगी संस्कृति वेशभूषा की झलक

वहीं विश्व मांगल्य सभा राष्ट्रव्यापी मातृ संगठन द्वारा 10 मार्च को "सांस्कृतिक वॉकथॉन' का आयोजन किया गया है। यह संगठन पिछले 14 सालों से राष्ट्र चिंतन, समाज चिंतन और मातृ चिंतन के लिए प्रतिबद्ध है। विश्व मांगल्य द्वारा कई कार्यक्रम और गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक वॉकथॉन का आयोजन ईश्वर देशमुख शारीरिक शिक्षा संस्थान के मैदान में महिलाओं के लिए किया गया है। अपने समाज की संस्कृति और वेशभूषा को दर्शाते हुए महिलाओं को इस वॉकथॉन में शामिल किया जा रहा है। आयोजकों ने सभी महिला संस्थाओं से इसमें भाग लेने की अपील की है।

महिलाओं ने बनाई रंगोली बच्चों संग बांटीं खुशियां

उधर भारतीय भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण की महिला अधिकारियों और कर्मचारियों ने विश्व महिला दिवस की तैयारी की है। सप्ताहभर चलने वाले कार्यक्रमों मे गुरुवार को रंगोली सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, साथ ही बाल सदन, जूना काटोल नाका में बच्चों को राशन और आवश्यक सामग्री का वितरण कर खुशियां बांटीं। महिला परिषद की अध्यक्ष रीना धापोडकर और सचिव शिप्रा मेश्राम ने बताया कि भाभूस की महिला अधिकारियों और कर्मचारियों ने सप्ताहभर के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताओं और मनोरंजक कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई है। कार्यक्रमों का समापन 13 तारीख को होगा, जिसमें प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण किए जाएंगे।


Created On :   8 March 2024 1:33 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story