बिरला ने कहा - दुनिया के लिए एजेंडा तय कर रहा है भारत

बिरला ने कहा - दुनिया के लिए एजेंडा तय कर रहा है भारत
  • आर्थिक विकास में महिलाओं और युवाओं की है अहम भूमिका
  • बिरला ने किया बड़ा दावा
  • कहा - भारत दुनिया के लिए एजेंडा तय कर रहा है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भारत विकास में महिलाओं की भागीदारी से महिलाओं के नेतृत्व मे विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। संसद में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संसद के नए भवन में आयोजित पहले ही सत्र में इस ऐतिहासिक अधिनियम को पारित किया गया। बिरला ने यह बात संविधान सदन के केन्द्रीय कक्ष में पंचायती राज संस्थाओ और शहरी स्थानीय निकायों की महिला प्रतिनिधियों के लिए आयोजित ‘पंचायत से संसद तक’ कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कही।

निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका में लाया जाएगा

ओम बिरला ने कहा कि इस अधिनियम का उद्देश्य संसद और विधानमंडलों में कुल एक तिहाई सीटों को महिलाओं के लिए आरक्षित करना है, जो निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका में लाने में गेमचेंजर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया के लिए एजेंडा तय कर रहा है।

आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही महिलाएं

भारत की महिलाएं और युवा दूसरे देशों के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इस संबंध में उन्होंने देश के आर्थिक विकास की गति को तेज करने के लिए गांवों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ग्राम विकास के महात्मा गांधी के सपने को साकार कर रहे हैं।

‘पंचायतें ग्रामीण स्तर पर परिवर्तन लाने का कार्य करें’

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि महिलाएं सभी क्षेत्रों में सबसे आगे हैं। फिर भी हमें महिला-पुरूष के अंतर को दूर करने की जरूरत है ताकि विकास की मौजूदा गति को तेज किया जा सके। उन्होंने कहा कि महिला-पुरूष समानता के बिना निर्धनता उन्मूलन, आर्थिक विकास, सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण की मौजूदा चुनौतियों का सामना करना कठिन होगा। उन्होंने सुझाव दिया कि पंचायतें ग्रामीण स्तर पर परिवर्तन लाने का कार्य करें।



Created On :   5 Jan 2024 7:46 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story