बढ़ती महंगाई: जयराम ने कहा - मौनी बाबा बने हैं प्रधानमंत्री, उनके झोला उठाने का वक्त आ गया है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। प्रमुख विपक्षी दल ने कहा है कि महंगाई बढ़ती जा रही है, वोट चोरी पर जनता का आक्रोश बढ़ता जा रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री जी मौनी बाबा बनकर बैठे हुए हैं। अब उनके लिए झोला उठाने का वक्त आ गया है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश मंगलवार को सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि वोट चोरी सच्चाई है। कमरतोड़ महंगाई है। सितंबर महीने में महंगाई 5.54 प्रतिशत पहुंच गई है, लेकिन असली बात यह है कि खाद्य महंगाई 7.74प्रतिशत हो गई है यानी खाने की लगभग हर चीज़ की कीमत हद पार कर चुकी हैं।
जैसे प्याज 108 प्रतिशत महंगा, लहसुन 55 प्रतिशत, अदरक 63 प्रतिशत और नींबू 36प्रतिशत महंगा हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी आंकड़ों के अनुसार खुदरा महंगाई मार्च के 3.40 प्रतिशत से लगातार बढ़ते हुए सितंबर में 5.54 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो 23 महीने का उच्चतम स्तर है।
जयराम ने कहा कि महंगाई का असर सिर्फ थाली तक सीमित नहीं है। परिवहन, शिक्षा, कपड़े-जूते और घरेलू सामान सहित सब जरूरी सामान महंगे हो रहे हैं। गरीब की थाली से निवाला, मध्यम वर्ग की जेब से बचत गायब हो रही है और कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री अहंकार में डूबे हैं, जनता की परेशानियों पर ध्यान नहीं दे रहे।
यह भी पढ़े -विपक्ष का मार्च खत्म, सुप्रीम कोर्ट पहुंचकर राहुल-मल्लिकार्जुन समेत 11 नेताओं ने याचिका पर किए साइन
‘अच्छे दिन’ का वादा करके सत्ता में आने वाली सरकार वोट चोरी के साथ साथ बचत चोरी भी कर रही है। जब वोट चोर सरकार को जनता की नाराजगी और वोट खोने का डर ही नहीं है, तो वह जनता की परवाह क्यों करेगी?
Created On :   13 Oct 2026 7:47 PM IST













